डीग पंचायत समिति की सियासी बिसात पर भाजपा का 'दांव' सफल, बुगल सिंह गुर्जर बने उप प्रधान
डीग / नीरज जैन
निर्दलीयों के बहुमत वाले समीकरण को साधकर भाजपा ने एक बार फिर सियासी बाजी मार ली है। डीग पंचायत समिति के उप प्रधान पद के लिए हुए चुनाव में भाजपा प्रत्याशी बुगल सिंह गुर्जर ने निर्दलीय उम्मीदवार लालाराम को 14 मतों के बड़े अंतर से हराकर पद पर कब्जा जमा लिया।
शनिवार को हुई मतदान प्रक्रिया में कुल 27 सदस्यों में से 22 सदस्यों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतगणना के बाद सामने आए नतीजों में बुगल सिंह गुर्जर को 18 मत मिले, जबकि निर्दलीय प्रत्याशी लालाराम को महज 4 मतों से ही संतोष करना पड़ा। चुनाव परिणाम की घोषणा होते ही समर्थकों में उत्साह की लहर दौड़ गई। इसके बाद निर्वाचन अधिकारी अमित मीणा ने बुगल सिंह गुर्जर को उप प्रधान निर्वाचित घोषित किया, उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई और निर्वाचन प्रमाण पत्र सौंपा।
सियासी गणित और कांग्रेस की चुप्पी
पंचायत समिति डीग के 27 सदस्यों के आंकड़ों पर नजर डालें तो यहां भाजपा के 6, कांग्रेस के 4, बसपा का 1 और निर्दलीय 16 सदस्य निर्वाचित हुए थे। सर्वाधिक संख्या निर्दलीय सदस्यों की होने के कारण चुनाव का पूरा दारोमदार इन्हीं के रुख पर टिका था। दिलचस्प बात यह रही कि प्रधान चुनाव की तरह इस बार भी कांग्रेस ने उप प्रधान पद के लिए अपना कोई प्रत्याशी मैदान में नहीं उतारा, जिससे मुकाबले की तस्वीर और रोचक हो गई।
बेढ़म-शैलेश की 'चक्रव्यूह' रणनीति
संख्याबल के लिहाज से चुनौतीपूर्ण दिख रहे इस चुनाव में गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म और डीग-कुम्हेर विधायक डॉ. शैलेश सिंह की राजनीतिक रणनीति निर्णायक साबित हुई। दोनों नेताओं ने न केवल निर्दलीय सदस्यों को अपने पक्ष में साधने में सफलता पाई, बल्कि कांग्रेस के खेमे में भी सेंध लगाकर विपक्ष की उम्मीदों को ध्वस्त कर दिया। इसी सटीक तालमेल और रणनीति के दम पर भाजपा प्रत्याशी ने आसान और प्रभावशाली जीत दर्ज की।

