भुसावर पंचायत समिति में सियासी सहमति: पर्चा वापसी से रास्ता साफ, सीमा बाई गुर्जर निर्विरोध बनीं उप प्रधान
भुसावर / विष्णु मित्तल
भुसावर पंचायत समिति के उप प्रधान पद के चुनाव में बिना मतदान के ही तस्वीर साफ हो गई है। पर्चा वापसी की प्रक्रिया के दौरान एक प्रत्याशी द्वारा नाम वापस लेने के बाद सीमा बाई गुर्जर को निर्विरोध उप प्रधान निर्वाचित घोषित कर दिया गया।
दो नामांकन दाखिल हुए, एक वापस होने से बना निर्विरोध समीकरण
जानकारी के अनुसार, भुसावर पंचायत समिति में उप प्रधान पद के लिए कुल दो प्रत्याशियों ने दावेदारी पेश की थी। इसमें वार्ड संख्या 1 से पंचायत समिति सदस्य सीमा बाई गुर्जर और वार्ड संख्या 8 से सदस्य राहुल सागर ने भाजपा प्रत्याशी के तौर पर अपने-अपने नामांकन पत्र दाखिल किए थे।
एसडीएम ने की निर्विरोध निर्वाचन की घोषणा
नाम वापसी की तय समय-सीमा के भीतर राहुल सागर ने अपना नामांकन पत्र वापस ले लिया। मैदान में अकेली प्रत्याशी रह जाने के कारण रिटर्निंग अधिकारी एवं भुसावर एसडीएम राधेश्याम मीणा ने सीमा बाई गुर्जर के निर्विरोध उप प्रधान निर्वाचित होने की औपचारिक घोषणा कर दी। उनकी इस जीत पर समर्थकों और स्थानीय कार्यकर्ताओं ने खुशी जाहिर की।

