शब्द-साधकों की लेखनी को मिलेगा राज्य स्तरीय सम्मान, रेसटा ने शुरू की अनूठी पहलदेशभर के साहित्यकारों से 15 दिसंबर तक मांगे आवेदन, छह सदस्यीय चयन समिति गठित
जयपुर / बीकानेर / भारत कुमार शर्मा। साहित्य समाज की सोच, संवेदना और संस्कृति को दिशा देने वाली सशक्त अभिव्यक्ति है। साहित्यकार अपनी लेखनी के माध्यम से जहां समाज को आईना दिखाते हैं, वहीं नई पीढ़ी को विचारों की समृद्ध विरासत भी सौंपते हैं। ऐसे ही शब्द-साधकों की प्रतिभा को नई पहचान दिलाने और साहित्यिक सृजन को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से शिक्षक संघ एलीमेंट्री सेकेंडरी टीचर एसोसिएशन (रेसटा), राजस्थान ने 'राज्य स्तरीय साहित्य सम्मान-2026' की शुरुआत की है।
चयन प्रक्रिया को पारदर्शी व व्यवस्थित बनाने के लिए छह सदस्यीय चयन समिति का गठन किया गया है। रेसटा प्रदेशाध्यक्ष मोहर सिंह सलावद की अध्यक्षता में बनी इस समिति में प्रदेश कोषाध्यक्ष श्याम सुंदर विश्नोई, प्रदेश महामंत्री नवल सिंह मीणा, प्रदेश मीडिया चेयरपर्सन राजीव चौधरी, प्रदेश संरक्षक सफी मोहम्मद मंसूरी और कोटपुतली-बहरोड़ जिलाध्यक्ष राजवीर चनेजा को सदस्य शामिल किया गया है। समिति साहित्यकारों की प्रकाशित पुस्तकों, मौलिक रचनात्मक योगदान, साहित्यिक उपलब्धियों और हिंदी भाषा व साहित्य के प्रति उनकी सेवाओं का मूल्यांकन कर योग्य प्रतिभा का चयन करेगी।
1 से 15 दिसंबर तक कर सकेंगे आवेदन राज्य स्तरीय साहित्य सम्मान-2026 के लिए देशभर के साहित्यकारों से 1 दिसंबर से 15 दिसंबर 2026 तक आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इच्छुक रचनाकारों को निर्धारित आवेदन-पत्र के साथ अपना साहित्यिक परिचय, प्रकाशित पुस्तकों का विवरण, उपलब्धियां और पूर्व सम्मानों की जानकारी देनी होगी। जिस पुस्तक के आधार पर आवेदन किया जा रहा है, उसकी एक प्रति संलग्न करना अनिवार्य रहेगा।
बीकानेर प्रदेश कार्यालय में भेजनी होंगी प्रविष्टियां आवेदन श्री भंवरलाल बिश्नोई, प्रदेश कार्यालय, शिक्षक संघ रेसटा, जम्भेश्वर मंदिर के पास, गुरुद्वारा रोड, तिलक नगर, बीकानेर (राजस्थान-334001) के पते पर भेजे जा सकेंगे।
लेखनी का सम्मान, वैचारिक समृद्धि का सम्मान रेसटा प्रदेशाध्यक्ष मोहर सिंह सलावद ने कहा कि साहित्यकार समाज की वैचारिक चेतना, सांस्कृतिक विरासत और मानवीय मूल्यों के संवाहक होते हैं, जिनकी लेखनी सकारात्मक बदलाव की प्रेरणा देती है। साहित्यिक प्रतिभाओं को व्यापक सामाजिक पहचान दिलाने और नई पीढ़ी में साहित्य के प्रति रुचि जगाने के लिए यह पहल की गई है। उन्होंने साहित्यकारों, शिक्षाविदों और रचनाधर्मियों से समय पर आवेदन करने की अपील की है। चयनित साहित्यकार को संघ के आगामी राज्य स्तरीय शैक्षिक सम्मेलन में सम्मानित किया जाएगा।

