म्यूल खातों पर डीग पुलिस का प्रहार, साइबर ठगी की रकम मंगवाने वाले 4 आरोपी गिरफ्तार
म्यूल खातों पर डीग पुलिस का प्रहार, साइबर ठगी की रकम मंगवाने वाले 4 आरोपी गिरफ्तारखोह थाना पुलिस की कार्रवाई, खातों के खिलाफ मिलीं 9 साइबर फ्रॉड शिकायतें, कमीशन पर करते थे काम
डीग / नीरज जैन। जिले की खोह थाना पुलिस ने म्यूल खातों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए साइबर ठगी के मामले में वांछित 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एसपी शरण गोपीनाथ कांबले के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने समन्वय पोर्टल पर आरोपियों के बैंक खातों की जांच की, जिसमें उनके खिलाफ साइबर फ्रॉड से जुड़ी 9 शिकायतें दर्ज पाई गईं।
खोह थाना प्रभारी शिवलहरी मीणा ने बताया कि मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस जाप्ते के साथ दबिश देकर चारों आरोपियों को दस्तयाब किया गया। जांच में सामने आया कि आरोपियों के बैंक खातों में साइबर ठगी की राशि का लेन-देन हुआ है। पुलिस ने चारों को ग्राम गढ़ीमेवात और ग्राम डिगचौली से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। मामले में अग्रिम अनुसंधान जारी है।
ये आरोपी आए गिरफ्त में पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में जिलसाद खान (24) पुत्र इकबाल, खलील (24) पुत्र रूददार व सारूफ उर्फ शाहरूख (38) पुत्र इस्लाम निवासी गढ़ीमेवात तथा शहबाज (20) पुत्र मुनसैद उर्फ मुन्नी निवासी डिगचौली, थाना खोह जिला डीग शामिल हैं।
कमीशन पर म्यूल व खुद के खातों का करते थे इस्तेमाल पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे साइबर ठगी से प्राप्त राशि को फर्जी बैंक खातों (म्यूल अकाउंट) में ट्रांसफर करवाते थे। यदि फर्जी बैंक खाते उपलब्ध नहीं हो पाते थे, तो वे अपने स्वयं के बैंक खातों का भी उपयोग करते थे। इन खातों में ठगी की रकम मंगवाने के बदले उन्हें कमीशन मिलता था।

