23 दिसम्बर को सीकर में होगा चौ. चरण सिंह जयंती का ऐतिहासिक आयोजन
आत्मीय और भावनाओं से जुड़े हजारों समर्थकों का एकसाथ होगा मिलन
सीकर (विष्णु मित्तल) राष्ट्रीय लोकदल (RLD) राजस्थान आगामी 23 दिसम्बर को किसान-मजदूरों के मसीहा, भारत रत्न से सम्मानित स्वर्गीय चौधरी चरण सिंह की जयंती पर एक भव्य समारोह का आयोजन सीकर में करने जा रहा है। यह आयोजन न केवल किसान हितैषी नीतियों को पुनर्जीवित करने का प्रयास होगा, बल्कि चौधरी साहब के विचारों को नई पीढ़ी तक पहुँचाने का भी माध्यम बनेगा।
इस ऐतिहासिक समारोह में राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष, केंद्रीय मंत्री एवं चौधरी चरण सिंह के पोते जयंत चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम में पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी, सांसद, विधायक, संगठन प्रभारी, जिला एवं प्रदेश स्तरीय कार्यकर्ता सहित हजारों समर्थकों के भाग लेने की संभावना है।
प्रदेश अध्यक्ष जोगिंदर सिंह अवाना ने सीकर में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि सीकर की धरती से चौधरी चरण सिंह का आत्मीय संबंध रहा है। उन्होंने कहा — “सीकर क्षेत्र के लोगों में आज भी चौधरी साहब के प्रति गहरा सम्मान और लगाव है। उनके कार्यकाल में किसानों और मजदूरों की भलाई के लिए बनाई गई नीतियों का असर आज भी ग्रामीण समाज के हर तबके में देखा जा सकता है।”
अवाना ने बताया कि यह जयंती समारोह केवल एक औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि किसान-मजदूर केंद्रित नीतियों को पुनर्जीवित करने का आंदोलन होगा।
अवाना ने कहा कि - “हमारा लक्ष्य प्रदेश में चौधरी चरण सिंह जी की विचारधारा को फिर से जन-जन तक पहुँचाना है। क्योंकि चौधरी साहब ने हमेशा किसान, मजदूर और आम जन को एकरूपता में लाने का हमेशा प्रयास किया उन्होंने राजनीति से परे लोगों से भावानात्मक संबंधों को केंद्र में रखा वही सिद्धांत आज भी हमारे दिलों की प्रेरणा हैं,”
प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि समारोह की तैयारियाँ जोरों पर हैं और सीकर में हजारों समर्थकों की उपस्थिति से यह कार्यक्रम भावनात्मक और सामाजिक दृष्टि से मील का पत्थर साबित होगा। अवाना ने यह भी कहा कि आने वाले समय में सीकर में यह समारोह जयंती चौधरी चरण सिंह जी की विचारधारा के पुनर्जागरण की शुरुआत के रूप में याद की जाएगा।