सीताराम गुप्ता को मिलेगा लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड, 25 दिसंबर को जयपुर में एमएनआईटी द्वारा किया जाएगा सम्मानित
भरतपुर, (विष्णु मित्तल) ग्रामीण विकास एवं समाज सेवा के क्षेत्र में दशकों से उत्कृष्ट और प्रेरणादायी योगदान देने वाले मालवीय इंजीनियरिंग कॉलेज (एमएनआईटी) के पूर्व छात्र सीताराम गुप्ता को मालवीय नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (एमएनआईटी), जयपुर द्वारा लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान आगामी 25 दिसंबर को जयपुर में आयोजित एक भव्य समारोह में प्रदान किया जाएगा।
गुप्ता ने मालवीय रीजनल इंजीनियरिंग कॉलेज से बैचलर ऑफ इंजीनियरिंग की डिग्री प्राप्त की तथा प्रारंभिक रूप से विद्युत विभाग में सहायक अभियंता के रूप में अपनी सेवाएँ दीं। वर्ष 1989 में उन्होंने सरकारी सेवा छोड़कर ग्रामीण एवं समग्र विकास के क्षेत्र में कार्य करने का निर्णय लिया और इस दिशा में कार्यरत संस्था में निदेशक का दायित्व संभाला। अपने नेतृत्व में उन्होंने कृषि, पशुपालन, महिला सशक्तिकरण, स्वास्थ्य एवं चिकित्सा सेवाओं, तथा ग्रामीण रोजगार के क्षेत्र में अनेक उल्लेखनीय एवं नवाचारी कार्य संपादित किए। विशेष रूप से भरतपुर क्षेत्र में मधुमक्खी पालन, मछलीपालन, तुलसी माला निर्माण जैसे स्वरोजगार आधारित कार्यक्रमों की शुरुआत कर हजारों युवक-युवतियों को आजीविका से जोड़ा।
गुप्ता के सतत एवं व्यक्तिगत प्रयासों का ही परिणाम है कि भरतपुर में देश की सबसे बड़ी शहद प्रसंस्करण इकाई की स्थापना संभव हो सकी। इसके माध्यम से मधुमक्खी पालन का व्यवसाय न केवल भरतपुर बल्कि राजस्थान के सरसों उत्पादक जिलों के साथ-साथ मध्यप्रदेश, उत्तर प्रदेश और हरियाणा जैसे पड़ोसी राज्यों तक विस्तारित हुआ। वर्तमान में इस व्यवसाय से लगभग 8,000 युवाओं को प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार प्राप्त हो रहा है और करीब 9 हज़ार मैट्रिक टन शहद का विदेशों में निर्यात हो रहा है। इसी कारण भरतपुर की पहचान केवलादेव राष्ट्रीय उद्यान के साथ हनी सिटी के रूप में हो गयी है ।
वर्तमान में समृद्ध भारत अभियान के निदेशक पद पर कार्यरत सीताराम गुप्ता को लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड के अतिरिक्त पूर्व वर्षों में अनेक प्रतिष्ठित राष्ट्रीय सम्मानों से भी नवाजा जा चुका है। इनमें प्रमुख रूप से फिक्की अवार्ड, महेन्द्रा समृद्धि अवार्ड, इंडिया एग्रीकल्चर अवार्ड, सीआईआई नेशनल अवार्ड, एक्सीलेंस नाबार्ड अवार्ड, महात्मा सीएसआर लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड, भामाशाह अवार्ड, यूनेस्को चेतना अवार्ड, जी न्यूज़ अवार्ड, सीएसआर लाइफ टाइम अवार्ड, टाइम्स मैन ऑफ द ईयर अवार्ड, इकोनॉमिक टाइम्स लीडर अवार्ड तथा इंस्पायरिंग लीडर अवार्ड शामिल हैं। ग्रामीण भारत के उत्थान हेतु उनका यह जीवनपर्यंत समर्पण आज असंख्य लोगों के लिए प्रेरणास्रोत बना हुआ है।