लक्ष्मणगढ़ क्षेत्र में धार्मिक उत्साह:जयकारों के साथ सांवरिया सेठ के दर्शन को निकले श्रद्धालु: श्याम सखा मंडल ने दिखाई हरी झंडी
बिचगावा से सांवरिया सेठ, श्रीनाथजी व पुष्कर दर्शन के लिए 71 श्रद्धालुओं का जत्था रवाना
लक्ष्मणगढ़ (अलवर) कमलेश जैन। तहसील क्षेत्र के ग्राम बिचगावा में 'श्याम सखा मंडल' के तत्वावधान में प्रथम भव्य धार्मिक यात्रा सोमवार को भक्तिमय माहौल के बीच सेठ सांवरिया, श्रीनाथजी एवं पुष्कर राज के लिए रवाना हुई।
हरी झंडी दिखाकर किया रवाना यात्रा के शुभारंभ अवसर पर मंडल के वरिष्ठ सदस्य उमाशंकर जांगिड़, गोविंद पूनिया, नरोत्तम शर्मा, मनीष जांगिड़, विशंभर दयाल पूनिया, चंद्र प्रकाश जैन और भागचंद शर्मा ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर बस को प्रस्थान कराया। इस दौरान श्रद्धालुओं के जयकारों से पूरा वातावरण धर्ममय हो उठा।
सांवरिया धाम में होगा भंडारा श्याम सखा मंडल के सदस्य उमाशंकर जांगिड़ ने बताया कि इस पहली धार्मिक यात्रा में कुल 71 श्रद्धालु शामिल हुए हैं। यात्रा का पहला पड़ाव प्रसिद्ध सेठ सांवरिया धाम होगा, जहां दर्शन-पूजन के बाद क्षेत्र की खुशहाली की कामना की जाएगी। इसके पश्चात वहां भव्य महाप्रसादी व भंडारे का आयोजन होगा।
पुष्कर स्नान के साथ होगा समापन सांवरिया सेठ के दर्शन और प्रसादी ग्रहण करने के बाद श्रद्धालु श्रीनाथजी के दर्शनों के लिए प्रस्थान करेंगे। यात्रा के अंतिम चरण में वापसी के दौरान सभी श्रद्धालु पवित्र तीर्थ स्थल पुष्कर जी पहुंचेंगे, जहां पवित्र सरोवर में स्नान कर पुण्य लाभ अर्जित करेंगे।

