कागजों में चमक रही गुरलां पंचायत, धरातल पर नालियों में सड़ रहा सिस्टम; सड़कों पर बह रहा गंदा पानी

Aug 31, 2026 - 19:56
 0
कागजों में चमक रही गुरलां पंचायत, धरातल पर नालियों में सड़ रहा सिस्टम; सड़कों पर बह रहा गंदा पानी

गुरलां (भीलवाड़ा) बद्रीलाल माली । सुवाणा पंचायत समिति की तथाकथित आदर्श ग्राम पंचायत गुरलां में सफाई व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। पंचायत मुख्यालय के पास स्थित कीरों का मोहल्ला (शिव मंदिर मार्ग) पिछले कई महीनों से नालियों की सफाई न होने के कारण बदहाली के आंसू बहा रहा है। चोक नालियों का बदबूदार पानी चौबीसों घंटे मुख्य सड़क पर जमा रहता है, जिससे राहगीरों और स्कूली बच्चों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

सफाई बजट में फर्जीवाड़े का आरोप ग्रामीणों ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि ग्राम पंचायत द्वारा हर महीने साफ-सफाई, कर्मचारी वेतन, फिनाइल व कचरा गाड़ी के नाम पर लाखों रुपये का बजट उठाया जा रहा है। कागजों में सफाई दिखाकर राशि का बंदरबांट किया जा रहा है, जबकि धरातल पर महीनों से एक भी सफाई कर्मचारी मोहल्ले में नहीं पहुंचा है।

बीमारियों का बढ़ा खतरा, खुद सफाई कराने को मजबूर ग्रामीण सड़क पर जमा गंदे पानी से मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है, जिससे डेंगू, मलेरिया और चर्म रोगों का खतरा मंडरा रहा है। प्रशासन व पंचायत स्तर पर बार-बार शिकायत के बावजूद जब कोई सुनवाई नहीं हुई, तो ग्रामीणों को कई बार अपने स्तर पर पैसे जुटाकर नालियों की सफाई करवानी पड़ी।

उच्च अधिकारियों से जांच की मांग पंचायत प्रशासन की अनदेखी से आक्रोशित ग्रामीणों ने जिला कलेक्टर, जिला परिषद सीईओ और सुवाणा विकास अधिकारी (BDO) से गुरलां पंचायत के सफाई बजट की उच्च स्तरीय जांच कराने और दोषी कर्मचारियों व अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

एक्सप्रेस न्यूज़ डेस्क बुलंद आवाज के साथ निष्पक्ष व निर्भीक खबरे... आपको न्याय दिलाने के लिए आपकी आवाज बनेगी कलम की धार... आप भी अपने आस-पास घटित कोई भी सामाजिक घटना, राजनीतिक खबर हमे हमारी ई मेल आईडी [email protected] या वाट्सएप न 8094612000 पर भेज सकते है हम हर सम्भव प्रयास करेंगे आपकी खबर हमारे न्यूज पोर्टल पर साझा करें। हमारे चैनल GEXPRESSNEWS से जुड़े रहने के लिए धन्यवाद................