भगवान महावीर की आस्था में डूबा सिरस-श्रद्धा का उमड़ा सैलाब:चारों ओर गूंजे भगवान महावीर के जयकारे

Apr 29, 2023 - 23:41
Apr 30, 2023 - 07:34
 0
भगवान महावीर की आस्था में डूबा सिरस-श्रद्धा का उमड़ा सैलाब:चारों ओर गूंजे भगवान महावीर के जयकारे

वैर, भरतपुर(कौशलेंद्र दत्तात्रेय)


उपखंड वैर के सिरस गांव स्थित जैन श्वेताम्बर मंदिर में चल रही अंजनशलाका एवं प्रतिष्ठा महोत्सव के तहत शनिवार को भगवान का दीक्षा कल्याणक भव्य वरघोड़ा निकाला गया। इससे पूरा सिरस क्षेत्र भगवान महावीर की आस्था में डूबा नजर आया। जैन श्रावक-श्राविकाओं का सैलाब ऐसा था कि करीब एक किलोमीटर का सफर तय करने में तीन घंटे लग गए। बाद में दोपहर को भगवान का धूमधाम से दीक्षा कल्याणक मनाया गया।

जैनाचार्य मरूधर रत्न रत्नाकर सूरीश्वर महाराज की निश्रा में चल रहे प्रतिष्ठा महोत्सव के तहत सुबह 9 बजे काफी संख्या में श्रावक-श्राविकाएं सिरस गांव स्थित पुराने मंदिर जा पहुंचे। जहां आयोजन समिति एवं मंदिर ट्रस्ट पदाधिकारियों ने गांव के गणमान्य नागरिकों का अभिनंदन किया। इसके बाद प्रभु के माता-पिता बने रमेश भाई मोहन भाई एवं परिवारजनों ने भगवान को रथ में विराजित किया। जैसे ही भगवान को रथ में बैठाया चारों ओर महावीर के जयकारे गूंजने लगे। महोत्सव प्रचार-प्रसार समिति प्रभारी राजेश जैन ने बताया कि वरघोड़ा में आगे-आगे धर्म पताकाओं को लिए दो घुडसवार और उनके पीछे एक लाभार्थी परिवार को बिठाकर हाथी चलता रहा। बैण्डबाजे पर बज रहे भजनों की धुन पर युवा नृत्य करते हुए चले। उनके पीछे सिर पर कलश रखकर महिलाओं का समूह चल रहा था। उनके साथ ही भगवान के गर्भ में आने पर उनकी माता को आए चौदह स्वप्नों को सिर पर धारण कर महिलाएं मंगल गीत गाती हुई चलीं। बाद में आचार्य आदि ठाणा एवं गणिवर्य मणिरत्न सागर महाराज को लेकर आयोजन समिति एवं मंदिर ट्रस्ट के पदाधिकारी व समाज के अन्य लोग चले। जैन अलर्ट ग्रुप ऑफ इण्डिया सैटेलाइट अहमदाबाद शाखा के कार्यकर्ता भगवान के रथ को लेकर चल रहे थे। रथ के पीछे-पीछे अन्य आचार्य आदि की तस्वीर लिए लाभार्थी परिवार झांकियों के रूप में चले। उनके पीछे जैन साध्वियां एवं महिला श्रविका भजन गाती हुई चलीं। भगवान महावीर के जयकारों और णमोकार मंत्र के उच्चारण से पूरा क्षेत्र जिनमय हो गया। वरघोड़ा की व्यवस्थाएं देख रहे मुकेश भाई लाला अपने सहयोगियों को निर्देश देते रहे। इधर वरघोड़ा में अलवर, जयपुर, भरतपुर, करौली, हिण्डौन, महवा, खेड़लीगंज, बयाना, वैर, गंगापुर, सिरोही, कठूमर, गुजरात, महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश सहित विभिन्न क्षेत्रों से काफी संख्या में जैन श्रावक-श्राविकाएं शामिल हुए। बाद में अयोध्या नगरी पहुंचने पर वरघोड़ा सभा में परिवर्तित हो गया। जहां प्रतिष्ठा एवं अन्य कार्यक्रमों का लाभ लेने के लिए विभिन्न बोलियां लगाई गई। इस दौरान आचार्य ने दीक्षा कल्याणक के बारे में विस्तार से बताया। कार्यक्रम का संचालन मनोज जैन एवं महेश जैन ने किया। इस दौरान कल्पेश भाई वी. शाह, कपिल भाई वी. शाह, लक्ष्मी चंद गढ़ा, अरविन्द जैन सहित कई भामाशाह मौजूद रहे।

क्षेत्रीय गायन पार्टी ने भी दी प्रस्तुति

प्रभु महावीर की दीक्षा कल्याणक यात्रा में शामिल होने से क्षेत्रीय पार्टी भी अपनेआप को नहीं रोक पाई। भरतपुर जिले के धौरमालेटी गांव की रामभजन एण्ड पार्टी ने अपने ठेठ देशी अंदाज में अपनी क्षेत्रीय भाषा में प्रस्तुतियां दे समां बांध दिया। बम की थाप पर पार्टी में शामिल क्षेत्रीय कलाकार भजनों की प्रस्तुति पर नाचते-कूदते नजर आए।

भटिण्डा का बैण्ड बना आकर्षण का केन्द्र

भगवान के वरघोड़ा में भटिण्डा पंजाब से आया शेरे पंजाब पाप वाला बैण्ड आकर्षण का केन्द्र रहा। बैण्डवादकों ने बजाते-बजाते अपने ढोल, तुरही आदि से करतब भी दिखाए। बैण्ड वादन के दौरान उनका अनुशासन, उनकी बजाने की कला बरबस ही लोगों का मन मोह रही थी। उनकी इस  अनौखी कला को देखने के लिए एकबारगी लोग थम जाते।

धूमधाम से मनाया दीक्षा कल्याणक

वरघोड़ा के बाद प्रभु महावीर का दीक्षा कल्याणक महोत्सव धूमधाम से मनाया गया। इससे पूर्व अयोध्या नगरी में गीत सांझी का कार्यक्रम हुआ, जिसमें महवा, हिण्डौन, खेड़लीगंज आदि क्षेत्रों की महिला मण्डल, बालिका मण्डलों ने विभिन्न प्रस्तुतियां देकर समां बांध दिया। बाद में विधि कारकों द्वारा मंत्रोच्चारण कर विधि विधान से भगवान का दीक्षा कल्याणक मनाया गया। प्रभु के दीक्षा कल्याणक के काफी संख्या में श्रालक-श्राविकाएं साक्षी बने। 

झलकियां

      -वरघोड़ा में शामिल होने के लिए हिण्डौन, महवा, पटोंदा, खेड़लीगंज आदि स्थानों से आए बालिका मण्डल अपनी अलग-अलग ड्रेसों में आयीं।
        -विभिन्न क्षेत्रों से आयीं महिला मण्डल भी केसरिया, लहरिया एवं लाल रंग की आकर्षक पोशाक पहनीं हुई चली। 
       -प्रतिष्ठा महोत्सव में लाभार्थी परिवारों के अलावा अधिकांश श्रावक जोधपुरी साफा पहनकर चले।
      -समिति पदाधिकारी, युवा मण्डल, विहार सेवा ग्रुप एवं अन्य मण्डल अलग-अलग रंग की पोशाकों में चले। इसके अलावा सभी स्वमोटो अपने-अपने कामों को करते नजर आए। 
        -सिरस मोड़ से लेकर गांव तक पूरा सड़क मार्ग श्रद्धालुओं से अट गया। 
        -अयोध्या नगरी में दिनभर भजनों का कार्यक्रम चला। सिरोही के संगीतकार कमलेश जैन एवं पार्टी ने भजनों की प्रस्तुति दे समां बांध दिया।

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

एक्सप्रेस न्यूज़ डेस्क बुलंद आवाज के साथ निष्पक्ष व निर्भीक खबरे... आपको न्याय दिलाने के लिए आपकी आवाज बनेगी कलम की धार... आप भी अपने आस-पास घटित कोई भी सामाजिक घटना, राजनीतिक खबर हमे हमारी ई मेल आईडी GEXPRESSNEWS54@GMAIL.COM या वाट्सएप न 8094612000 पर भेज सकते है हम हर सम्भव प्रयास करेंगे आपकी खबर हमारे न्यूज पोर्टल पर साझा करें। हमारे चैनल GEXPRESSNEWS से जुड़े रहने के लिए धन्यवाद................