गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म विधायक राजेंद्र मीणा ने सलेमपुर थाना में शहीद रामवीर सिंह गुर्जर की प्रतिमा का किया अनावरण
महुवा (अवधेश अवस्थी) महुवा विधानसभा क्षेत्र के सलेमपुर थाना ग्राम में रविवार को राजस्थान के गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म विधायक राजेंद्र मीणा ने वीर शहीद रामवीर सिंह गुर्जर की प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम में सम्मिलित होकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए सैनिकों के बलिदान को याद करने के साथ शीघ्र ही खेडला में महुवा विधानसभा क्षेत्र के सभी शहीदों की स्मृति में शहीद स्थल बनाने की घोषणा की गई
इस दौरान विधायक राजेंद्र मीणा ने कहा कि यह क्षण केवल एक अनावरण नहीं, बल्कि मातृभूमि के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर सपूत को नमन करने का भावपूर्ण अवसर है। शहीदों का त्याग और साहस हमें सदैव राष्ट्रसेवा और समाजहित के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। शहीदों के परिवारों के लिए सरकार हर प्रकार की मदद करती है लेकिन आप हम सबका भी दायित्व बनता है की इन परिवारों का सुख-दुख में हम सब इनका साथ हमेशा दें
इस अवसर पर गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम ने कहा कि हमारे देश की रक्षा हेतु अपना सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर सपूतों का त्याग, साहस एवं समर्पण हम सभी के लिए सदैव प्रेरणास्रोत है जीवन भर रहेगा। शहीदों का सम्मान करना तथा उनके आदर्शों पर चलना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। इस अवसर पर उन्होंने शहीदों के परिवार के लिए हर संभव मदद करने का आश्वासन दिया इस अवसर पर शहीद रामवीर सिंह गुर्जर की वीरांगना सहित अन्य शहीदों की वीरांगनाओं का सम्मान किया गया
इस अवसर पर प्रधान प्रतिनिधि बंटी गुर्जर, महेंद्र सिंह खेडला, सूरज सिंह ,महुवा प्रेस क्लब के अध्यक्ष गौपुत्र अवधेश अवस्थी सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण भूतपूर्व सैनिक पंच पटेल ग्रामीण जन शहीदों के परिवारजन उपस्थित रहे।