नेपाल में भीषण सड़क हादसा: त्रिशूली नदी में गिरी अनियंत्रित बस, 18 यात्रियों की मौत, 25 घायल

Feb 23, 2026 - 18:53
 0
नेपाल में भीषण सड़क हादसा: त्रिशूली नदी में गिरी अनियंत्रित बस, 18 यात्रियों की मौत, 25 घायल

​धादिंग (नेपाल): नेपाल के धादिंग जिले में सोमवार देर रात एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। पोखरा से काठमांडू जा रही एक यात्री बस अनियंत्रित होकर त्रिशूली नदी में जा गिरी। इस दर्दनाक हादसे में अब तक 18 लोगों की जान जा चुकी है, जबकि 25 अन्य यात्री घायल बताए जा रहे हैं। मृतकों में दो विदेशी नागरिक (एक पुरुष और एक महिला) भी शामिल हैं।

यह हादसा पृथ्वी राजमार्ग के अंतर्गत बेनिघाट रोरांग गांवपालिका-5 के भैंसिगौंडा सड़क खंड पर हुआ। जानकारी के अनुसार, रात करीब 1:30 बजे पोखरा से काठमांडू जा रही माछापुछ्रे टूर एंड ट्रैवल्स की यात्री बस अनियंत्रित होकर लगभग 300 मीटर नीचे त्रिशूली नदी के किनारे जा गिरी। दुर्घटना के कारणों का फिलहाल स्पष्ट पता नहीं चल सका है।
चलाया राहत एवं बचाव अभियान
हादसे की सूचना मिलते ही सशस्त्र प्रहरी बल नेपाल के आपदा प्रबंधन बेस आदमघाट से डीएसपी सुनील गिरी के नेतृत्व में 15 जवान मौके पर पहुंचे। इसके अलावा प्रतिनिधिसभा निर्वाचन सुरक्षा में तैनात मोबाइल टीम के 6 जवान और आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण शिक्षालय कुरिनटार से 7 जवानों को भी राहत कार्य में लगाया गया। इस तरह कुल 28 सदस्यीय टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया।
घटनास्थल पर धादिंग के प्रमुख जिला अधिकारी विजय राज सुवेदी समेत सुरक्षा एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारी पहुंचे। नेपाल पुलिस की ओर से जिला पुलिस कार्यालय धादिंग के एसपी सुमित खड्का के नेतृत्व में 60 पुलिसकर्मी तथा नेपाली सेना की 21 सदस्यीय टीम भी बचाव अभियान में जुटी रही।

घायलों को काठमांडू किया गया रेफर घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद मलेखु स्थित राजमार्ग सामुदायिक अस्पताल भेजा गया। इनमें से 25 घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए काठमांडू स्थित ट्रॉमा सेंटर और अन्य अस्पतालों में रेफर किया गया है।

विदेशी नागरिक भी शामिल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गजुरी में 9 शव रखे गए हैं, जिनमें एक पुरुष विदेशी नागरिक बताया गया है। वहीं जिला अस्पताल धादिंग में 6 पुरुष और 3 महिलाओं समेत 9 शव रखे गए हैं, जिनमें एक महिला विदेशी नागरिक शामिल है। अधिकांश मृतकों की पहचान अभी नहीं हो सकी है।

घायलों में नेपाल के विभिन्न जिलों के नागरिकों के साथ न्यूजीलैंड और चीन के एक-एक विदेशी नागरिक भी शामिल बताए जा रहे हैं। कुछ घायलों की हालत अब भी गंभीर बनी हुई है।प्रशासन के अनुसार, बस के अनियंत्रित होकर खाई में गिरने के कारणों की जांच की जा रही है। विस्तृत जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हादसे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
​प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण ड्राइवर का नियंत्रण खोना बताया जा रहा है। हालांकि, पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या दुर्घटना के पीछे तेज रफ्तार, तकनीकी खराबी या सड़क की स्थिति जैसी अन्य वजहें तो नहीं थीं।

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

एक्सप्रेस न्यूज़ डेस्क बुलंद आवाज के साथ निष्पक्ष व निर्भीक खबरे... आपको न्याय दिलाने के लिए आपकी आवाज बनेगी कलम की धार... आप भी अपने आस-पास घटित कोई भी सामाजिक घटना, राजनीतिक खबर हमे हमारी ई मेल आईडी GEXPRESSNEWS54@GMAIL.COM या वाट्सएप न 8094612000 पर भेज सकते है हम हर सम्भव प्रयास करेंगे आपकी खबर हमारे न्यूज पोर्टल पर साझा करें। हमारे चैनल GEXPRESSNEWS से जुड़े रहने के लिए धन्यवाद................