जुरहरा पुलिस की कार्यवाही, 11 साइबर ठग गिरफ्तार: 8 फोन और 11 सिम कार्ड बरामद
डीग जिले के जुरहरा क्षेत्र में पुलिस ने साइबर ठगी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने 11 आरोपियों के एक गिरोह को गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई डीग एसपी ओम प्रकाश मीणा के निर्देशन और आरपीएस नरेश कुमार चनेजा के नेतृत्व में की गई।
पुलिस को हाल ही में एक ही लोकेशन से करीब 4 लाख रुपए की ठगी की शिकायत मिली थी। यह शिकायत साइबर हेल्पलाइन 1930 पर दर्ज कराई गई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण किया और लोकेशन ट्रेस कर कार्रवाई को अंजाम दिया।
पुलिस टीम ने जुरहरा क्षेत्र के सोनोखर के जंगल में घेराबंदी कर इन आरोपियों को पकड़ा। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 8 मोबाइल फोन और 11 सिम कार्ड बरामद किए गए। इन उपकरणों का उपयोग ठगी की वारदातों में किया जा रहा था।
सभी गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि इस गिरोह के तार किन-किन राज्यों से जुड़े हैं और कितने अन्य लोग इस नेटवर्क का हिस्सा हैं। जुरहरा पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में साइबर अपराधों पर अंकुश लगने की उम्मीद है।

