गोविंदगढ़ में एक्सप्रेस-वे पर हादसा, 2 महिलाओं की मौत: पंचर गाड़ी को मारी टक्कर, NHAI हेल्पलाइन पर लापरवाही का आरोप
अलवर के गोविंदगढ़ में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर एक सड़क हादसे में दो महिलाओं की मौत हो गई और पांच अन्य घायल हो गए। शनिवार-रविवार की दरमियानी रात एक अज्ञात वाहन ने एक्सप्रेस-वे पर खड़ी एक पंचर गाड़ी को टक्कर मार दी। मृतकों के परिजनों ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) की हेल्पलाइन 1033 पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है।
- शादी समारोह में शामिल होकर लौट रहा था परिवार
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, हरियाणा के होडल निवासी एक परिवार राजगढ़ में शादी समारोह में शामिल होकर अपने घर लौट रहा था। रविवार अलसुबह करीब 2:15 बजे एक्सप्रेस-वे के चैनल नंबर 88.8 पर उनकी 7-सीटर गाड़ी पंचर हो गई। चालक ने सावधानी बरतते हुए गाड़ी को एक्सप्रेस-वे के किनारे खड़ा कर दिया था। इसके बाद करीब 3:30 बजे पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने खड़ी गाड़ी में जोरदार टक्कर मार दी।
- परिजनों का आरोप-मदद नहीं मिली
परिजनों ने NHAI की हेल्पलाइन 1033 पर मदद न मिलने का आरोप लगाया है। परिजन सोनू ने बताया कि गाड़ी पंचर होने के तुरंत बाद उन्होंने रात 2:18 से 2:41 बजे के बीच लगातार पांच बार हेल्पलाइन नंबर 1033 पर फोन किया। हर बार उन्हें यह कहकर टाल दिया गया कि "यह हमारा क्षेत्र नहीं है, दूसरे क्षेत्र से गाड़ी भेज रहे हैं।" परिजनों का आरोप है कि करीब सवा घंटे तक कोई मदद नहीं पहुंची और इसी दौरान यह हादसा हो गया। उनका कहना है कि यदि समय पर क्रेन या पेट्रोलिंग टीम पहुंच जाती, तो यह दुर्घटना टाली जा सकती थी।
- दो महिलाओं की मौत
हेड कांस्टेबल संजय ने बताया कि इस दुर्घटना में होडल निवासी गीतारानी (46) पत्नी जितेश कुमार और पूर्वी दिल्ली निवासी मीना (55) पत्नी हरकेश कुमार की मृत्यु हो गई है। गाड़ी में सवार पांच अन्य लोगों को भी चोटें आई हैं। सूचना मिलने पर गोविंदगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। फिलहाल, अज्ञात वाहन की तलाश जारी है।


