आंध प्रदेश के काकीनाडा की पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट, 21 की मौत; 8 लोग गंभीर रूप से घायल
काकीनाडा (शशि जायसवाल) आंध्र प्रदेश के काकीनाडा जिले के समालकोट मंडल के वेतलापलेम में एक पटाखा बनाने वाली फैक्ट्री में बड़ा धमाका हुआ, जिसमें 21 लोगों की मौत हो गई, जबकि 8 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। यह धमाका तब हुआ जब मजदूर बड़े पैमाने पर पटाखे बना रहे थे और बहुत बड़ी आग लग गई। कई लोग अंदर फंस गए। उस समय साइट पर कई मजदूर मौजूद थे।
धमाके के बाद का मंजर
- स्थानीय प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा दोपहर करीब 2 बजे हुआ।
- ‘सूर्या फायर वर्क्स’ नामक इस फैक्ट्री में काम के दौरान अचानक एक जोरदार धमाका हुआ, जिससे पूरी इमारत मलबे में तब्दील हो गई।
- धमाका इतना भयानक था कि फैक्ट्री के अंदर मौजूद लोगों के शव पास के धान के खेतों में जाकर गिरे।
- घटनास्थल का दृश्य बेहद भयानक था, जहां मलबे के बीच से शवों को निकालने का प्रयास किया जा रहा था।
- घायल लोगों को आनन-फानन में नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
धमाके बाद लगी आग में कई लोग बुरी तरह से जले
विस्फोट की सूचना मिलते ही फायर डिपार्टमेंट टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने की कोशिश करने लगी। इसमें स्थानीय लोगों ने भी साथ दिया। घायलों को एम्बुलेंस से हॉस्पिटल ले जाया गया। इसमें बुरी तरह जलने वाले कई लोगों की हालत गंभीर है। धमाके की वजह से शवों के चीथड़े उड़ गए और आस-पास की इमारतों को भी नुकसान पहुंचा।
डॉक्टरों ने जताई चिंता
- काकीनाडा गवर्नमेंट हॉस्पिटल के सुपरिटेंडेंट ने बताया कि जो घायल अस्पताल लाए गए हैं, वे 90 से 100 प्रतिशत तक जल चुके हैं। उनकी स्थिति बेहद नाजुक बनी हुई है।
- वहीं, राज्य की गृह मंत्री वंगालपुडी अनीता ने आशंका जताई है कि मलबे से अभी और शव बरामद हो सकते हैं और घायलों की हालत को देखते हुए मृतकों का आंकड़ा बढ़ सकता है।
पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई
- घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं।
- पुलिस ने खेतों में बिखरे हुए मानव अंगों को खोजने के लिए ड्रोन की मदद ली है।
- जिला मजिस्ट्रेट और कलेक्टर सागिरी शान मोहन खुद बचाव अभियान की निगरानी कर रहे हैं।
- पुलिस अब इस बात की गहन जांच कर रही है कि क्या फैक्ट्री के पास वैध लाइसेंस था और वहां सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे या नहीं।
सीएम नायडू ने क्या कहा?
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने कहा कि उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों से बात की है और उन्हें प्रभावित लोगों को तुरंत मदद देने का निर्देश दिया है। नायडू ने कहा, "हम राहत के उपायों पर नजर रख रहे हैं और दुखी परिवारों के साथ खड़े हैं।"
मुख्यमंत्री ने तुरंत मंत्रियों और वरिष्ठ अधिकारियों की एक टीम को घटनास्थल पर पहुंचने का निर्देश दिया है ताकि राहत कार्यों में तेजी लाई जा सके और पीड़ितों को हर संभव मदद मिल सके। उन्होंने अधिकारियों को हादसे के कारणों का पता लगाने और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।