जोधपुर में सफाई, जलापूर्ति समस्या को लेकर ज्ञापन; अतिरिक्त जिला कलेक्टर ने जल्द समाधान का आश्वासन दिया
जोधपुर (बरकत खान) जोधपुर में नवीन-जोधाणा जागरूक-मंच संस्था ने सफाई और जलापूर्ति की समस्याओं को लेकर अतिरिक्त जिला कलेक्टर सुरेंद्र सिंह राजपुरोहित को ज्ञापन सौंपा। संस्था के कार्यवाहक अध्यक्ष आसिफ नूरी ने बताया कि संस्थापक साजिद खान के नेतृत्व में यह ज्ञापन दिया गया। राजपुरोहित ने समस्याओं को सुनकर जल्द समाधान का आश्वासन दिया।
ज्ञापन में बताया गया कि जोधपुर नगर निगम के वार्ड नंबर 87 (पूर्व में 55) में इंदिरा कॉलोनी, मिरासी कॉलोनी और सिफत हुसैन कॉलोनी सहित पूरे वार्ड में लंबे समय से सफाई व्यवस्था चरमराई हुई है। जगह-जगह गंदगी के ढेर लगे हैं और नियमित सफाई न होने से निवासियों में नाराजगी है। रमजान का पवित्र महीना चल रहा है और आगामी दिनों में शीतला अष्टमी मेला व ईद-उल-फितर का त्योहार भी आने वाला है, जिससे सफाई की आवश्यकता और बढ़ गई है।
संस्था ने गुलाब सागर और फतेह सागर नालों की सफाई का मुद्दा भी उठाया। बताया गया कि पिछले एक साल से इन दोनों नालों की सफाई नहीं हुई है, जिससे वे कचरे और गंदगी से भरे पड़े हैं। इसके कारण बीमारियां, बदबू और प्रदूषण बढ़ रहा है। बरसात के मौसम में घरों में पानी घुसने की समस्या भी होती है। ज्ञापन में इन नालों की समय पर सफाई कराने की मांग की गई, ताकि भविष्य में होने वाली बीमारियों से बचा जा सके।
वार्ड में स्कूली क्षेत्रों के आसपास आवारा कुत्तों का आतंक भी एक बड़ी समस्या है। बच्चों को स्कूल जाते समय अक्सर दिक्कतों का सामना करना पड़ता है और कई बार वे चोटिल भी हो जाते हैं। अभिभावक इस स्थिति को लेकर चिंतित हैं। संस्था ने नगर निगम कार्यालय को आवारा कुत्तों को पकड़वाने के लिए आदेश जारी करने का आग्रह किया।
जलापूर्ति की समस्या पर भी ध्यान दिलाया गया। गर्मी शुरू होने से पहले ही पानी की आपूर्ति अनियमित है और आबादी के अनुपात में पर्याप्त पानी नहीं मिल रहा है। इससे आमजन को भारी परेशानी हो रही है। गर्मी और आगामी त्योहारों को देखते हुए समय पर और संतोषजनक (पूर्ण दबाव के साथ) जलापूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की गई है।
शाहरुख नूरी ने बताया कि अतिरिक्त जिला कलेक्टर सुरेंद्र सिंह राजपुरोहित ने समस्याओं को सुनने और वीडियो में देखने के बाद आश्वासन दिया कि संबंधित विभागों को जल्द सूचित कर कार्रवाई की जाएगी। शाहरुख खान ने बताया कि इस मौके पर संस्थापक साजिद खान, आसिफ नुरी, भंवर सिंह चारण,शक्ति सिंह, शाहरुख नूरी, अकबर, शाकीर हुसैन, शहजाद अली, इमरान फौजदार, अली हुसैन, सईद खान आदि उपस्थित रहे