उदयपुर में आयोजित होगी संभाग की पहली पेंशन अदालत,25 मार्च से पहले कर लें आवेदन; शिक्षा विभाग और पारिवारिक पेंशनर्स को समर्पित
राजसमंद। जिले के शिक्षा विभाग के पेंशनर्स और उनके पारिवारिक पेंशनर्स के लिए लंबित पेंशन प्रकरणों के निस्तारण का सुनहरा अवसर आया है। वित्त एवं पेंशन विभाग के निर्णयानुसार आगामी 27 अप्रैल को उदयपुर स्थित क्षेत्रीय पेंशन कार्यालय में संभाग स्तरीय 'पेंशन अदालत' का आयोजन किया जाएगा। इस अदालत में पेंशन से जुड़ी विभिन्न समस्याओं का मौके पर ही समाधान करने का प्रयास किया जाएगा।
इन प्रकरणों को मिलेगी प्राथमिकता जिला कोषाधिकारी विशाल अग्रवाल ने बताया कि मुख्य सचिव के निर्देशानुसार यह पहली पेंशन अदालत विशेष रूप से शिक्षा विभाग के पेंशनर्स को समर्पित की गई है। इसमें विधवा, तलाकशुदा, अविवाहित पुत्री तथा दिव्यांग व्यक्तियों के पेंशन प्रकरणों को प्राथमिकता के आधार पर सुना जाएगा और उनका निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा।
25 मार्च तक जमा कराएं आवेदन पेंशनर्स अपनी परिवेदनाएं (शिकायतें) निर्धारित प्रारूप में आवश्यक दस्तावेजों के साथ 25 मार्च 2026 तक कोष कार्यालय (ट्रेजरी ऑफिस) राजसमंद में प्रस्तुत कर सकते हैं। इसके बाद प्राप्त होने वाले आवेदनों पर इस अदालत में विचार नहीं किया जाएगा।
31 मार्च तक सेवानिवृत्त होने वालों को लाभ अतिरिक्त निदेशक, पेंशन एवं पेंशनर्स कल्याण विभाग उदयपुर द्वारा आयोजित इस अदालत में शिक्षा विभाग के उन कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान किया जाएगा, जो 31 मार्च 2026 तक सेवानिवृत्त हो चुके हैं या होने वाले हैं। पेंशन विभाग के इस कदम से राजसमंद जिले के सैकड़ों पेंशनर्स को राहत मिलने की उम्मीद है।