उन्हेल थाना पहुँचे कलेक्टर, हिस्ट्रीशीटरों की सूची दीवार पर चस्पा करने और लंबित प्रकरणों के त्वरित निस्तारण के आदेश
उन्हेल/ झालावाड़
जिला कलेक्टर अजय सिंह राठौड़ ने मंगलवार को स्थानीय पुलिस थाना उन्हेल का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाने की कार्यप्रणाली और व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने थाना परिसर, कार्यालय अभिलेखों और विभिन्न रजिस्टरों की गहनता से जांच की।
रिक्त पदों पर प्रस्ताव भेजने के निर्देश निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने थाने में पुलिसकर्मियों के रिक्त पदों की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि नहरी और सुचारू संचालन के लिए रिक्त पदों की पूर्ति हेतु उच्च विभाग को तत्काल प्रस्ताव भेजा जाए।
बंदूक लाइसेंस और रजिस्टरों का सत्यापन कलेक्ट्रेट राठौड़ ने एमएल गन (ML Gun) रजिस्टर का विशेष रूप से अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि इस रजिस्टर का संबंधित कार्यालयों से मिलान कर इसे सत्यापित कराया जाए। साथ ही, सभी अनुज्ञापत्रधारियों के फोटो पंजिका में अनिवार्य रूप से चस्पा करने और नवीनीकरण (Renewal) न कराने वाले लाइसेंस धारकों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने के आदेश दिए।
अपराधियों पर नकेल: दीवार पर लगेगी हिस्ट्रीशीटरों की सूची पारदर्शिता और आमजन की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर ने निर्देश दिए कि थाने के सभी पंजीकृत हिस्ट्रीशीटर अपराधियों की सूची को न केवल अपडेट रखा जाए, बल्कि उसे थाना परिसर के बाहर मुख्य दीवार पर भी चस्पा किया जाए।
लंबित प्रकरणों पर सख्त रुख बैठक के दौरान कलेक्टर ने स्थाई वारंटियों और लंबित तफ्तीशों (Investigation) की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि:
-
लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए।
-
न्यायालयीन प्रक्रिया के तहत थाने में रखे पुराने 'माल' (जब्त सामग्री) का शीघ्र निपटारा कर रिकॉर्ड व्यवस्थित किया जाए।
पारदर्शिता और त्वरित समाधान का मंत्र कलेक्टर अजय सिंह राठौड़ ने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की पहली प्राथमिकता है। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को हिदायत दी कि आमजन की शिकायतों का त्वरित और संतोषजनक समाधान सुनिश्चित करें। निरीक्षण के दौरान पुलिस के उच्च अधिकारी और थाने के अन्य कार्मिक उपस्थित रहे।