टोंक: महादेववाली शिवालय में उमड़ा कोली समाज का सैलाब, रंगपंचमी पर पारंपरिक मेले में सामाजिक रिश्तों की महक
टोंक। रंगपंचमी के पावन अवसर पर रविवार को टोंक के महादेववाली स्थित प्राचीन शिवालय परिसर में कोली समाज का पारंपरिक मेला हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। इस मेले में न केवल टोंक, बल्कि राजस्थान के विभिन्न जिलों सहित मध्यप्रदेश और देश के अन्य हिस्सों से हजारों की संख्या में समाजबंधुओं ने शिरकत की।
पूजा-अर्चना से हुई मेले की शुरुआत मेले का आगाज महादेववाली शिव मंदिर में भगवान भोलेनाथ की विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुआ। मेला समिति के अध्यक्ष पंकज महावर, अखिल भारतीय कोली समाज के जिलाध्यक्ष लेखराज महावर और अन्य पदाधिकारियों ने भगवान आशुतोष की आरती उतारकर देश-प्रदेश और समाज की सुख-समृद्धि की कामना की। अध्यक्ष पंकज महावर ने बताया कि यह मेला प्राचीन काल से आयोजित किया जा रहा है और समाज की एकता का प्रतीक है।
रिश्तों के बंधन और सामाजिक चर्चा इस मेले की एक विशेष परंपरा यह रही कि यहाँ आए परिवारों ने विवाह योग्य युवक-युवतियों के परिचय और संबंधों को लेकर आपस में चर्चा की। सामाजिक रिश्तों को मजबूत करने के लिए यह मेला एक बड़े मंच के रूप में उभरा। साथ ही, समाज के प्रबुद्धजनों ने समाज में व्याप्त कुरीतियों को दूर करने और बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने पर जोर दिया। समाजबंधुओं ने बालिकाओं के लिए छात्रावास की आवश्यकता को भी रेखांकित किया।
मेले में रही जमकर रौनक शिवालय परिसर में लगे झूलों, चकरी और खिलौनों की दुकानों पर बच्चों और युवाओं का उत्साह देखते ही बना। चाट-पकौड़ी, कुल्फी और जूस की दुकानों पर भी लोगों की भारी भीड़ रही। परिवारों ने खरीदारी के साथ-साथ मेले के सांस्कृतिक और सामाजिक माहौल का आनंद लिया।
इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति कार्यक्रम में श्री कोली समाज विकास समिति के अध्यक्ष हेमंत बुंदेल, कंवरीलाल पटेल, सीएम महावर, महावीर, राजेंद्र, हीरालाल, जसवंत सहित बड़ी संख्या में समाज के गणमान्य व्यक्ति, सरपंच और अधिवक्ता मौजूद रहे। बाहर से आए अतिथियों ने मेला समिति द्वारा की गई व्यवस्थाओं की सराहना की।