गेहूं की आड़ में नशे का कारोबार: पुलिस ने पकड़ी ₹25.50 लाख की गांजे की खेती, एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज
धरियावद (प्रतापगढ़)। जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे 'ऑपरेशन त्रिनेत्र' के तहत धरियावद थाना पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने गेहूं की फसल के बीच अवैध रूप से उगाई जा रही गांजे की खेती का भंडाफोड़ करते हुए करीब 41 किलो 685 ग्राम गांजा जब्त किया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में जब्त किए गए इस गांजे की अनुमानित कीमत करीब 25 लाख 50 हजार रुपये बताई जा रही है।
शराब की धरपकड़ के दौरान हुआ खुलासा
थानाधिकारी राहुल गोयल ने बताया कि जिला पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य के निर्देशन में 8 मार्च को पुलिस टीम अवैध शराब की धरपकड़ के लिए मौजा बिलकावास ऑडाफला क्षेत्र में गश्त पर थी। इसी दौरान टीम की नजर एक खेत पर पड़ी, जहां गेहूं की फसल के बीच संदिग्ध पौधे दिखाई दिए। बारीकी से जांच करने पर पाया गया कि गेहूं की आड़ में भारी मात्रा में गांजे के हरे और फूलदार पौधे उगाए गए थे।
41 किलो से अधिक वजन, आरोपी फरार
पुलिस ने जब आसपास के लोगों से पूछताछ की, तो खेत का मालिक वक्ता पिता चावरा मीणा (निवासी बिलकावास ऑडाफला) के रूप में चिन्हित हुआ। पुलिस ने मौके से गांजे के सभी पौधों को जड़ से उखाड़कर वजन किया, जिसका कुल भार 41 किलो 685 ग्राम निकला। कार्रवाई की भनक लगते ही आरोपी वक्ता मीणा मौके से फरार होने में सफल रहा, जिसकी तलाश के लिए पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज
धरियावद पुलिस ने इस मामले में आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि आरोपी इस अवैध खेती की सप्लाई कहां और किन लोगों को करने वाला था। इस कार्रवाई से क्षेत्र के नशा तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है।