नशे की लत ने बनाया लुटेरा: दिन में रेकी और रात में सूने मकानों के ताले तोड़ने वाली गैंग दबोची, कई वारदातों का खुलासा
बुहाना/ झुंझुनूं
क्षेत्र में लगातार हो रही नकबजनी की वारदातों पर लगाम लगाते हुए बुहाना थाना पुलिस ने एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने ग्राम ढाकामाण्डी में बंद मकान के ताले तोड़कर चोरी करने के मामले में तीन मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। इस गिरोह का एक सदस्य पहले ही पुलिस की गिरफ्त में आ चुका है।
हरियाणा भागने की फिराक में थे बदमाश थानाधिकारी बिमला बुडानिया के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सटीक सूचना पर कार्रवाई की। पुलिस टीम ने पीछा करते हुए बदमाशों को हरियाणा सीमा में प्रवेश करने से ठीक पहले भालोठ की रोही से दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अश्विनी (19, निवासी गोपालपुरा), बबलू उर्फ नवीन (23, निवासी नरात) और सचिन उर्फ सुमित (23, निवासी कुहाडवास) के रूप में हुई है।
नशे की लत के लिए करते थे वारदातों को अंजाम पुलिस पूछताछ में चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। तीनों आरोपी नशे के आदी हैं और अपनी नशीली जरूरतों को पूरा करने के लिए इन्होंने गैंग बना रखा था। यह गिरोह दिन में सूने मकानों की रेकी करता था और रात के अंधेरे में ताले तोड़कर कीमती सामान व नकदी पार कर देता था।
क्षेत्र की इन बड़ी वारदातों को स्वीकारा: कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपियों ने क्षेत्र की कई अन्य चोरियों में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है:
-
ढाकामाण्डी: 24-25 फरवरी की रात बंद मकान में चोरी।
-
बुहाना कस्बा: 11-12 फरवरी (दरवाजा मोहल्ला) और 1 जनवरी (खेमका मंदिर के पास) चोरी।
-
सिंघाना क्षेत्र: 4-5 मार्च की रात मौजा कलाखरी में नकबजनी।
अब तक की बरामदगी मामले में पहले पकड़े गए आरोपी विमल शर्मा की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी गया 'माल मशरूका' बरामद कर लिया है। बरामद सामान में एक जोड़ी चांदी की पायजेब, 3 चांदी के सिक्के और 5200 रुपये नकद शामिल हैं।
जिले की अन्य चोरियां खुलने की उम्मीद थानाधिकारी बिमला बुडानिया ने बताया कि गिरफ्तार तीनों आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि इस गैंग से पूछताछ के दौरान जिले की अन्य कई बड़ी चोरियों का खुलासा हो सकता है और भारी मात्रा में माल बरामद किया जा सकता है।