मासूम के अपहरण का प्रयास विफल ग्रामीणों ने पिछा किया तो खाई में गिरी बदमाशों की क्रेटा
अलवर (अनिल गुप्ता) अलवर जिले के राजगढ़ पंचायत समिति क्षेत्र के बीघोता गांव में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक सफेद क्रेटा गाड़ी में सवार तीन बदमाशों ने घर के बाहर खेल रही पांच वर्षीय मासूम बालिका का अपहरण कर लिया। ग्रामीणों की तत्परता के आगे बदमाशों के हौसले पस्त हो गए और बालिका को छोड़कर भागना पड़ा।
घटना के अनुसार, बदमाशों ने बालिका को उठाकर चलती गाड़ी में डाल लिया था। मासूम के चिल्लाने और परिजनों द्वारा शोर मचाने पर ग्रामीणों ने तुरंत अपनी बाइकों से बदमाशों की गाड़ी का पीछा करना शुरू किया। खुद को घिरता देख बदमाश घबरा गए और गांव से कुछ दूरी पर बालिका को चलती गाड़ी से सड़क पर नीचे डाल कर दौसा की ओर कच्चे रास्तों से भागने लगे। ग्रामीणों के पीछा करने के कारण तेज रफ्तार से चल रही बदमाशों की क्रेटा अनियंत्रित होकर एक गहरी खाई में जा गिरी।
घटना के बाद तीनों आरोपी गाड़ी से निकलकर पास की पहाड़ियों में चढ़ गए। ग्रामीणों ने पहाड़ों में भी उनका पीछा किया,लेकिन उबड़-खाबड़ रास्ता होने के कारण आरोपी झाड़ियों का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे। सूचना पर टहला थाना पुलिस मौके पर पहुँचकर जब क्षतिग्रस्त क्रेटा की तलाशी ली, तो अंदर का नजारा देखकर पुलिस भी दंग रह गई। तलाशी में गाड़ी के बहार बिखरें मिली लगभग 15 से 20 अलग-अलग नंबर प्लेटें।
बदमाशों की गाड़ी से 'पुलिस' लिखी हुई प्लेट भी मिली,जिसका उपयोग संभवतः नाकाबंदी से बचने के लिए किया जाता था। गाड़ी से कई जोड़ी कपड़े, खाने-पीने का सामान और एक पैकेट में सफेद नशीला पाउडर बरामद हुआ है। पुलिस को दो आरसी और दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे की एक टोल पर्ची मिली है,जो 12 मार्च की थी।
टहला थाना पुलिस ने गाड़ी को जब्त कर लिया है और बरामद दस्तावेजों के आधार पर बदमाशों की कुंडली खंगाली जा रही है। टहला पुलिस ने बताया कि आरोपियों की तलाश में आसपास के गांवों और पहाड़ियों में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में यह किसी बड़े अंतरराज्यीय गिरोह का काम कर रहा है जो चोरी और अपहरण जैसी वारदातों को अंजाम देता है।