हनुमानगढ़ टाउन मंडी में गेहूं खरीद का नया 'प्लान': पांच ब्लॉकों में बंटेगी मंडी, बंपर आवक के लिए व्यापारियों ने कसी कमर
हनुमानगढ़। आगामी गेहूं खरीद सीजन को सुव्यवस्थित करने के लिए हनुमानगढ़ टाउन धान मंडी में नई व्यवस्था लागू की जाएगी। मंगलवार को फूडग्रेन मर्चेंट्स एसोसिएशन की बैठक में मंडी को पांच अलग-अलग ब्लॉकों में बांटकर खरीद प्रक्रिया चलाने पर सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया।
बंपर पैदावार की उम्मीद, व्यवस्थाओं पर मंथन एसोसिएशन के अध्यक्ष रामलाल किरोड़ीवाल की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में आगामी सीजन की चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा की गई। व्यापारियों का अनुमान है कि इस बार गेहूं की बंपर पैदावार होने के कारण मंडी में आवक पिछले साल की तुलना में काफी अधिक रहेगी। जगह की कमी, माल के उठाव और यातायात जाम जैसी संभावित समस्याओं को देखते हुए मंडी को पांच हिस्सों (ब्लॉक) में विभाजित करने का सुझाव दिया गया, ताकि भीड़ को नियंत्रित किया जा सके।
पांच एजेंसियां करेंगी खरीद संस्था सचिव दलीप सिंह ढिल्लों ने जानकारी दी कि इस बार सरकार द्वारा पांच अलग-अलग एजेंसियों के माध्यम से गेहूं की खरीद की जाएगी। हालांकि व्यापारियों ने एफसीआई (FCI) के जरिए ही खरीद की मांग उठाई थी, लेकिन प्रशासन द्वारा पुख्ता सुविधाओं के आश्वासन के बाद व्यापारियों ने वर्तमान व्यवस्था पर सहमति जताई है।
लेबर कार्य और बोनस पर चर्चा बैठक में व्यापारियों ने एक महत्वपूर्ण मांग रखते हुए कहा कि गेहूं की हैंडलिंग और सिलाई जैसे लेबर कार्य कच्चा आढ़तियों के माध्यम से ही करवाए जाएं। व्यापारियों ने तर्क दिया कि उनके पास इन कार्यों का लंबा अनुभव है। साथ ही, उन्होंने इन कार्यों के लिए ईपीएफ (EPF) और ईएसआईसी (ESIC) जैसी तकनीकी बाध्यताओं से छूट देने की भी मांग की।
मुख्यमंत्री का जताया आभार व्यापारियों ने राज्य सरकार द्वारा गेहूं की सरकारी खरीद पर 150 रुपए प्रति क्विंटल बोनस घोषित करने के निर्णय का स्वागत किया और इसके लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। बैठक में खाद्य व्यापार संघ के जिलाध्यक्ष अजय सर्राफ सहित मंडी के अनेक प्रमुख व्यापारी और पदाधिकारी उपस्थित रहे।