सेवा भारती के बाल संस्कार केंद्रों की मासिक बैठक संपन्न, नववर्ष प्रतिपदा पर सेवा का संकल्प
मकराना (मोहम्मद शहजाद)। सेवा भारती डीडवाना जिला के तत्वावधान में मकराना नगर की विभिन्न कच्ची बस्तियों में संचालित बाल संस्कार केंद्रों की शिक्षिकाओं की मासिक प्रकल्प बैठक शुक्रवार को स्थानीय गुरुद्वारा परिसर में आयोजित की गई। बैठक में केंद्रों की शैक्षणिक गुणवत्ता और आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक की अध्यक्षता करते हुए खण्ड सेवा प्रमुख बालमुकुंद मूंदड़ा एवं सेवा भारती डीडवाना के जिला पूर्णकालिक सोमनाथ ने उपस्थित शिक्षिकाओं का मार्गदर्शन किया। इस दौरान बालकों में सनातन संस्कारों को पुख्ता करने के उद्देश्य से 'वंदना सभा' के विभिन्न अंगों का अभ्यास किया गया। इसमें दीप मंत्र, गायत्री मंत्र, सरस्वती वंदना और मासिक गीतों का सामूहिक सस्वर पाठ किया गया, ताकि शिक्षिकाएं अपने-अपने केंद्रों पर बालकों को शुद्ध उच्चारण के साथ इनका अभ्यास करा सकें।
आगामी नववर्ष प्रतिपदा (हिन्दू नववर्ष) के उपलक्ष्य में विशेष योजना बनाई गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि संस्कार केंद्रों के बालक स्थानीय मंदिरों के प्रवेश द्वार पर उपस्थित रहेंगे। आने वाले श्रद्धालुओं का तिलक लगाकर अभिनंदन करेंगे। समाज को भारतीय नववर्ष की शुभकामनाएं देकर अपनी संस्कृति के प्रति जागरूक करेंगे। शैक्षणिक स्तर को सुधारने के लिए जिला पूर्णकालिक सोमनाथ ने घोषणा की कि मार्च माह में सभी केंद्रों पर 'पहाड़ा प्रतियोगिता' आयोजित की जाएगी। इससे बच्चों में गणितीय कौशल के प्रति रुचि बढ़ेगी। साथ ही, शिक्षिकाओं को निर्देशित किया गया कि वे बस्तियों में अभिभावकों से संपर्क कर बालकों की केंद्रों पर नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करें। बैठक के अंत में सभी शिक्षिकाओं ने सेवा भाव के साथ राष्ट्र निर्माण और बच्चों के चारित्रिक उत्थान का संकल्प लिया।