अच्छे कर्मों के साथ ईश्वर की करें अराधना
सकट - नारायणपुर गांव के मुरली मनोहर महाराज मंदिर पर ग्रामीणों के सहयोग से क्षेत्र में अच्छी बारिश की कामना के साथ ही क्षेत्र की खुशहाली व सुख समृद्धि की कामना के लिए चल रहे 23 वे श्री विष्णु महायज्ञ एवं श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान यज्ञ के दौरान कथा में उपस्थित श्रद्धालुओं को प्रवचन देते हुए कथा व्यास संत साईं राम महाराज ने कहा कि मनुष्य जीवन में जाने अनजाने प्रतिदिन कई पाप होते हैं। उनका ईश्वर के समक्ष प्रायश्चित करना ही एक मात्र मुक्ति पाने का उपाय है। उन्होंने ईश्वर आराधना के साथ अच्छे कर्म करने का आह्वान किया। इस दौरान उन्होंने जीवन में सत्संग व शास्त्रों के बताए आदर्शों का श्रवण करने का आह्वान करते हुए कहा कि सत्संग में वह शक्ति है जो व्यक्ति के जीवन को बदल देती है। उन्होंने कहा कि व्यक्तियों को अपने जीवन में क्रोध लोभ मोह हिंसा संग्रह आदि का त्याग कर विवेक के साथ श्रेष्ठ कर्म करने चाहिए।
भगवान के नाम मात्र से ही व्यक्ति भवसागर से पार उतर जाता है। उन्होंने भगवान कीर्तन करने ज्ञानी पुरुषों के साथ सत्संग कर ज्ञान प्राप्त करने व अपने जीवन को सार्थक करने का आह्वान किया। भजन मंडली की ओर से प्रस्तुत किए गए भजनों पर श्रोता भाव विभोर होकर नाचने लगे। वहीं मुरली मनोहर चतुर्भुज मंदिर में बनी यज्ञ वैदी मे यज्ञाचार्य पं राम बाबू शर्मा ने यजमानों से वैदिक मंत्रोच्चारणों के साथ शुद्ध गाय के घी एवं हवन सामग्री की आहुतियां दिलवाई इस दौरान श्रद्धालुओं ने यज वैदी में आहुतियां डालकर भगवान से क्षेत्र की खुशहाली व सुख समृद्धि की कामना की। विष्णु महायज्ञ एवं श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान यज्ञ कार्यक्रम का समापन पूर्णाहुति व भंडारे के साथ 10 जुलाई को होगा। इस मौके पर ग्रामीणों द्वारा ब्रह्मलीन स्वामी श्री यति दामोदरदास महाराज की पुण्यतिथि व गुरु पूर्णिमा पर्व श्रद्धा व आस्था के साथ मनाया जाएगा।
- राजेंद्र मीणा की रिपोर्ट