लक्की खान की स्मृति में रक्तदान शिविर लगाकर 90 यूनिट रक्त संग्रहित किया
मकराना (मोहम्मद शहजाद)। मकराना के निकटवर्ती कस्बा बोरावड़ के गीतांजली शिक्षण संस्थान के तत्वावधान में मरहूम लक्की खान की पुण्य स्मृति में स्थानीय गीतांजली हॉस्पिटल परिसर में स्वैछिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में कुल 90 यूनिट रक्त का संग्रहण कर पीड़ित मानवता की सेवा में उल्लेखनीय योगदान दिया गया। शिविर के मुख्य अतिथि दादू सम्प्रदाय नरैना के 21वें पीठाधीश्वर आचार्य ओमप्रकाश दास महाराज ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि पीड़ित मानवता की सेवा करना ईश्वर की सच्ची भक्ति है। उन्होंने कहा, जाकी सेवा ताको धर्म, यह दादू दयाल की वाणी है, जो हमें हर जीव में परमात्मा का अंश देखने और उसकी सेवा करने की प्रेरणा देती है। महाराज ने कहा कि दादू सम्प्रदाय ने सदैव जात-पांत, धर्म-सप्रदाय और ऊंच-नीच के भेदभाव से ऊपर उठकर मानव सेवा को ही सर्वोच धर्म माना है। रक्तदान जैसे सेवा कार्यों में भाग लेना केवल शरीर से नहीं, आत्मा से सेवा करने जैसा है। उन्होंने यह भी बताया कि दादू पंथ में जीवन को उपयोगी बनाने के लिए सेवा, भक्ति, और समरसता को जीवन का मूल मंत्र माना गया है। इस अवसर पर गीतांजली शिक्षण संस्थान के निदेशक हाजी लाल मोहमद खान, निवर्तमान पार्षद मेमुना बानो, परवेज खान, परवत खान, रेशमा खान, रुखसार खान ने मुख्य अतिथि ओमप्रकाश दास महाराज का माल्यार्पण एवं शॉल ओढ़ाकर स्वागत किया। ओमप्रकाश दास महाराज द्वारा 62वीं बार रक्तदान करने वाले रक्तवीर सुरेश कुमार सोनी को अशीर्वाद के साथ सम्मान किया। शिविर में हाजी शाहबाज खान, एडवोकेट सिकंदर खान, रोटरी क्लब मकराना से अजीज गहलोत, अब्दुल कय्यूम हिन्दुस्तान, डॉ. राजेश खंडेला, डॉ. असलम शेरखान एवं निवर्तमान पार्षद प्रकाश सोनगरा सहित कई विशिष्ट अतिथियों ने भागीदारी निभाई। गीतांंजली हॉस्पिटल के मैनेजर सुरेश कुमार कोटेचा ने बताया कि जेएलएन हॉस्पिटल अजमेर की टीम द्वारा 46 यूनिट एवं जनाना हॉस्पिटल अजमेर की टीम द्वारा 44 यूनिट मिलाकर कुल 90 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया। शिविर को सफल बनाने में आरके टीटी कॉलेज के प्राचार्य मुक्तिराम कुमावत, राजेन्द्र महात्मा, नरपत सिंह, मुकेश कुमावत, नन्दाराम चौधरी, मुकेश चौहान, लाला पारीक, गीतांजली बीएड कॉलेज के प्राचार्य डॉ. रविन्द्र सिंह राजावत, राजेश सैनी, गीतांजली नर्सिंग कॉलेज के प्राचार्य मोहमद इरफान खान, उपप्राचार्य भारत बंशीवाल, मोहमद फेसल, तेजपाल नायक, मनव्वर, अशोक स्वामी, इख्तियार खान, सुनील सेन, मोहित कुमार, सुनिता डांगा आदि ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया।