भिवाड़ी में कांवड़िए को बाईक सवार ने मारी टक्कर कांवड़ हुई खंडित
अलवर-भिवाड़ी मेगा हाईवे किया जाम, गाड़ियों की लगी लाइन
अलवर (अनिल गुप्ता) अलवर-भिवाड़ी मेगा हाईवे पर एक तेज रफ्तार बाइक सवार ने पैदल कांवड़ ले जा रहे शिव भक्त को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कांवड़ खंडित होकर सड़क पर गिर पड़ी। इससे गुस्साए सैकड़ों कांवड़ियों ने हाईवे जाम कर दिया, जिससे दोनों ओर लंबा जाम लग गया। घटना गुरुवार दोपहर करीब 4 बजे, भिवाड़ी कस्बे के बणवीरपुर के पास की है।
हाईवे जाम की सूचना मिलने पर खुशखेड़ा थाना प्रभारी हनुमान प्रसाद यादव और तिजारा डीएसपी शिवराज सिंह मौके पर पहुंचे। करीब एक घंटे की समझाइश के बाद स्थिति को नियंत्रित किया गया।


टक्कर मारने वाला बाइक सवार मौके से फरार हो गया था। उसको तलाश किया जा रहा है। वहीं स्थानीय लोगों की मदद से खंडित कांवड़ को एक निजी वाहन से हरिद्वार भेजा गया है ताकि शिव भक्त दोबारा गंगाजल लेकर आ पाएं।
खुशखेड़ा थाना प्रभारी हनुमान प्रसाद यादव ने बताया कि स्थिति अब शांतिपूर्ण है और हाईवे पर यातायात सामान्य हो गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार बाइक सवार की तलाश जारी है।


