सुसाइड नोट लिखकर सफाईकर्मी ने की आत्महत्या
अजमेर (राजस्थान) मेरी मौत की जिम्मेदार पत्नी और उसके घर वाले हैं। साले ने कमरे में बंद कर पीटा और मेरे खिलाफ पुलिस में झूठी शिकायत दर्ज कराई...। सुसाइड नोट में यह तहरीर लिखकर सफाई कर्मी ज्ञानचंद (41) ने बुधवार सुबह कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक के परिजन ने पुलिस को सुसाइड नोट सौंप कर उसकी पत्नी व ससुराल वालों पर आत्महत्या के लिए मजबूर करने का आरोप लगाया है। आदर्श डिग्री कॉलेज प्रभात मोहल्ला के रहने वाले ज्ञानचंद का मंगलवार को पत्नी व ससुराल वालों से झगड़ा हो गया था। पत्नी और साले ने ऊसरी गेट पुलिस चौकी पर ज्ञानचंद के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी।
पुलिस कर्मियों ने ज्ञानचंद और शिकायत कर्ता को चौकी बुलाकर पूछताछ की और समझाइश के बाद ज्ञानचंद को घर भेज दिया था। परेशान ज्ञानचंद रात भर कमरे में रहा और सुबह 5 बजे उसने घर के हॉल में फंदा बांध कर फांसी लगा ली। सुबह परिजन ने उसे फंदे से उतार कर जेएलएन अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मृतक का सुसाइड नोट कब्जे में लिया है जिसकी एफएसएल जांच कराई जाएगी। मृतक ज्ञानचंद के भाई शिवकुमार ने बताया कि वह मंगलवार को पूरी रात ज्ञानचंद के साथ था। ज्ञानचंद ने बताया था कि साले ने मारपीट की जिससे मेरे सीने में दर्द हो रहा है। ज्ञानचंद ने रोते-रोते बताया कि पत्नी, साला, साली और ससुर उसे परेशान कर रहे हैं। मंगलवार को जब वह पत्नी को समझाने के लिए ससुराल गया तब उसके साथ साले ने कमरे में मारपीट की। ज्ञानचंद ने यह भी बताया कि पत्नी उस पर शक करती है। ज्ञानचंद की शादी 2008 में हुई थी। 2018 में ज्ञानचंद और उसकी पत्नी की सफाईकर्मी भर्ती में नौकरी लगी थी। इसके साथ ही ज्ञानचंद रात में टैक्सी चलाने का काम भी करता था। ज्ञानचंद के दो पुत्र और एक बेटी है।