309 निकायों में दिसंबर तक चुनाव कराने की तैयारी, वार्ड पुनर्सीमांकन भी एक सप्ताह में पूरा
जयपुर (राजस्थान) प्रदेश के 111 निकायों में प्रशासक लगाए जाने के बाद आखिर नगरीय निकाय चुनाव की तस्वीर साफ होती नजर आ रही है। सरकार ने 309 निकायों के एक साथ चुनाव की तैयारी कर ली है। इस बार जयपुर, जोधपुर और कोटा नगर निगम का एकीकरण करके ही चुनाव होंगे। अगले एक सप्ताह में स्वायत्त शासन विभाग की तरफ से राज्य निर्वाचन विभाग को इस संबंध में पत्र भेज दिया जाएगा। साथ ही प्रदेश के बड़े 3 शहरों जयपुर, जोधपुर और कोटा के दो-दो नगर निगम के एकीकरण का भी नोटिफिकेशन जारी हो जाएगा। उसके बाद फिर से तीनों शहरों में एक एक नगर निगम रह जाएंगे और प्रदेश के निगमों की संख्या 13 से 10 हो जाएगी। विभाग की तरफ से निकायों का पुनसर्सीमांकन कार्य पूरा कर दिया है। वार्डों के पुनसीमांकन का काम अंतिम स्टेज में हैं। एक सप्ताह में यह भी पूरी हो जाएगा। इस संबंध में यूडीएच मंत्री झाबरसिंह खर्रा ने अफसरों को युद्ध स्तर पर काम करते हुए समय सीमा में पुनर्सीमांकन काम पूरा कर नोटिफिकेशन जारी करने को कहा है।
मंत्री खर्रा बोले- हमारी पूरी तैयारी दिसंबर में चुनाव हो
मंत्री खर्रा ने कहा कि हम निर्वाचन विभाग को अनुरोध करने जा रहे हैं। हमारा प्रयास है हर हाल में दिसंबर तक चुनाव हो। निर्वाचन विभाग इस महीने के अंत तक निकायों की मतदाता सूची तैयार करने की प्रक्रिया शुरू कर देगा। इसके बाद निर्वाचन आयोग को अनुरोध करेंगे कि संभव हो तो 'वन स्टेट, वन इलेक्शन की तर्ज पर दिसंबर में सभी नगर निकायों के चुनाव करवा दें। हमने पिछली कांग्रेस सरकार की गलतियों को सुधारा है। सभी 2-2 नगर निगमो एक कर दिया गया है।