मोतीवाड़ा में भागवत कथा समापन पर आयोजित हुआ पद दंगल व भंडारा
सकट क्षेत्र के मोतीवाड़ा गांव में कुट्टी की तलाई स्थित भोमियाजी महाराज के स्थान पर ग्रामीणों के सहयोग से चल रही श्रीमद्भागवत कथा का समापन सोमवार को पूर्णाहुति व भंडारे के साथ हुआ। इस मौके पर पद दंगल का आयोजन किया गया पद दंगल में रामावतार गुढ़ाचंद्रजी एवं दिनेश बावड़ी खेड़ा एण्ड पार्टी के कलाकारो ने ढप ढोलक व झाझ मंजीरा आदि वाद्य यंत्रों की धुनों के साथ धार्मिक व पौराणिक कथाओं की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को मंत्रमुक्त कर दिया। ग्रामीण भगवती प्रसाद शर्मा व रामस्वरूप बोहरा ने बताया कि भंडारा शुरू होने से पूर्व कथा व्यास बनवारी बापू ने उपस्थित श्रद्धालुओं को धर्म कर्म नैतिकता और जीवन प्रबंधन के गुण रहस्यों को सरल शब्दों में समझाया। इस दौरान भोमियाजी महाराज की प्रतिमाओं की फूल बंगला झांकी सजाई गई। कथा समापन पर आयोजित भंडारे में कुट्टी की तलाई,डूंगरी बास, मोतीवाड़ा, नीमला,जावली का बाढ़, राजपुर बड़ा सहित अन्य गांवों के लोगों ने पंगत में बैठकर भंडारे की प्रसादी ग्रहण की।