नई किरण नशा मुक्ति अभियान के अंतर्गत विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन
खैरथल ( हीरालाल भूरानी ) नई किरण नशा मुक्ति अभियान के अंतर्गत राजकीय कन्या महाविद्यालय, टपूकड़ा में राष्ट्रीय सेवा योजना के तत्वावधान में नशा मुक्ति संबंधी जागरूकता कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित की गई। इस अभियान का उद्देश्य छात्राओं में नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता फैलाना तथा उन्हें नशामुक्त एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था।
अभियान संयोजक एवं एन.एस.एस. कार्यक्रम अधिकारी प्रो. (डॉ.) प्रियंका गुप्ता ने कहा कि युवा पीढ़ी को तंबाकू एवं अन्य नशीले पदार्थों से दूर रखना एक स्वस्थ और जिम्मेदार समाज के निर्माण के लिए अत्यंत आवश्यक है।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य संगीता बंसल, राजकीय उच्च माध्यमिक विधालय टपूकड़ा से, ने नशा मुक्ति के उपायों और रोकथाम पर अत्यंत प्रभावी व्याख्यान प्रस्तुत किया और व्यावहारिक सुझाव दिए।
सरकार द्वारा संचालित इस अभियान के अंतर्गत महाविद्यालय में अनेक गतिविधियाँ आयोजित की गईं। प्रथम सत्र में छात्राओं को नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई गई तथा शिक्षकों द्वारा उन्हें स्वयं और समाज को नशामुक्त रखने हेतु प्रेरित किया गया। द्वितीय सत्र में नशामुक्त स्वस्थ भारत विषय पर निबंध प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम के समापन सत्र में प्रो. सुनील दत्त ने छात्राओं को नशे और मादक पदार्थों से दूर रहने का आग्रह किया। साथ ही उन्होंने मोबाइल फोन की लत से सावधान रहने और उसका सदुपयोग करने के लिए प्रेरित किया।कार्यक्रम में प्राचार्य प्रो. मनोज चोपड़ा, प्रो. मंजू देवी, प्रो सुनील दत्त,वसीम खान के साथ बड़ी संख्या में छात्राएँ उपस्थित रहीं।