जिला कलेक्टर ने सीएचसी और राउमा विद्यालय का किया निरीक्षण, ड्यूटी से नदारद चिकित्सक और एएनएम के खिलाफ 17 सीसी की कार्रवाई के दिए निर्देश
डीग ((विष्णु मित्तल) जिला कलक्टर उत्सव कौशल ने गुरुवार को डीग जिले के जनूथर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपस्थिति पंजिका के अवलोकन पर मेडिकल ऑफिसर डॉ. विवेक कुमार और एएनएम साधना वर्मा बिना किसी पूर्व सूचना के अनुपस्थित पाए गए।
जिला कलेक्टर ने इस लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए जिला मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को तत्काल प्रभाव से दोनों कार्मिकों के विरुद्ध राजस्थान सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम, 1958 के नियम 17 (सीसी) के तहत अनुशासनात्मक कार्रवाई का नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
इसके पश्चात उन्होंने अस्पताल के ओपीडी, वार्ड, एक्स-रे रूम और प्रयोगशाला का निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल में साफ-सफाई और मरीजों को मिल रही सुविधाओं के बारे में जानकारी ली और चिकित्सा कर्मियों को निर्देश दिए कि ग्रामीण क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। इसके बाद जिला कलक्टर कौशल ने राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, जनूथर का निरीक्षण किया। यहाँ उन्होंने 'प्रखर राजस्थान' कार्यक्रम के तहत शैक्षणिक स्तर और बुनियादी सुविधाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिला कलेक्टर कौशल ने विज्ञान संकाय की कक्षा 11 के बच्चों से संवाद किया। जिला कलक्टर स्वयं कक्षा में गए और छात्रों से 'साम्यावस्था' विषय पर संवाद किया। उन्होंने छात्रों से कुछ तकनीकी प्रश्न पूछे जिसका विद्यार्थियों ने पूरे आत्मविश्वास के साथ उक्त प्रश्नों के सही उत्तर दिए, जिस पर जिला कलक्टर ने विद्यालय के शैक्षणिक स्तर और छात्रों की मेधा पर संतोष व्यक्त किया और उन्हें भविष्य के लिए प्रोत्साहित किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय में मिड-डे मील व्यवस्था की भी बारीकी से जाँच की। संस्था प्रधान ने अवगत कराया कि पोषाहार तैयार करने की रसोई राजकीय प्राथमिक विद्यालय, जनूथर में संचालित है। वहाँ कक्षा 1 से 5 तक के विद्यार्थी भोजन ग्रहण करते हैं, जबकि कक्षा 6 से 8 के विद्यार्थियों के लिए भोजन एक कार्मिक द्वारा यहाँ उच्च माध्यमिक विद्यालय में लाया जाता है। जिला कलक्टर ने विद्यालय के खेल मैदान, उपस्थिति पंजिका और कक्षा-कक्षों की स्थिति का भी अवलोकन किया और संस्था प्रधान को निर्देशित किया कि शैक्षणिक वातावरण को और अधिक उत्कृष्ट बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएं।