ब्लॉक स्तरीय बाल संरक्षण समिति का एक दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित
रामगढ़ (अलवर ) शिव शिक्षा समिति राणोली द्वारा संचालित कवच परियोजना के अंतर्गत रामगढ़ ब्लॉक में ब्लॉक स्तरीय बाल संरक्षण समिति के सदस्यों का एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम पंचायत समिति सभागार, रामगढ़ में आयोजित किया गया। यह प्रशिक्षण 100 डेज़ बाल विवाह निवारण अभियान के तहत सुबह 11 बजे से शुरू हुआ।
कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ सहायक ब्लॉक विकास अधिकारी अनिल गौड़ द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। अपने संबोधन में उन्होंने सभी ग्राम विकास अधिकारियों एवं सरपंचों को निर्देशित किया कि पंचायत स्तर पर गठित बाल संरक्षण समितियों को सक्रिय करते हुए ग्राम स्तर पर बच्चों की सुरक्षा एवं संरक्षण सुनिश्चित किया जाए तथा बच्चों से संबंधित सूचनाओं का नियमित और व्यवस्थित संकलन किया जाए।
कार्यक्रम के अगले सत्र में परियोजना अधिकारी प्रियंका सिंह ने मिशन वात्सल्य के तहत गठित बाल संरक्षण समिति की संरचना, सदस्यों की भूमिका एवं जिम्मेदारियाँ, रिपोर्टिंग तंत्र तथा जिले में बाल संरक्षण से जुड़े महत्वपूर्ण आंकड़ों पर विस्तृत जानकारी प्रदान की।
प्रशिक्षण के दौरान सहभागियों को जीपीडीपी के 9 इंडिकेटर एवं बाल मित्रपूर्ण पंचायत की अवधारणा के बारे में भी जानकारी दी गई।
100 डेज़ बाल विवाह निवारण अभियान के अंतर्गत ब्लॉक समन्वयक पीयूष सोमवंशी ने जिले में बाल विवाह की वर्तमान स्थिति पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि जिले में बड़ी संख्या में लड़कियों का विवाह 18 वर्ष से कम आयु में हो रहा है, जो एक गंभीर चिंता का विषय है। इस अवसर पर सभी अधिकारियों एवं प्रतिभागियों को बाल विवाह निषेध की शपथ भी दिलाई गई। प्रशिक्षण कार्यक्रम में रामगढ़ ब्लॉक की सभी ग्राम पंचायतों से ग्राम विकास अधिकारी, सरपंच, ब्लॉक समन्वयक सतीश चौधरी, देवेंद्र कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।