खैरथल में सजा होली का बाजार, हर्बल गुलाल की बढ़ रही मांग
खैरथल (हीरालाल भूरानी) रंगों के पर्व होली को लेकर शहर के मुख्य बाजार और कॉलोनियों में रौनक बढने लगी है। दुकानों पर गुलाल, अबीर और आकर्षक पिचकारियां सजी हैं, जो ग्राहकों को लुभा रही हैं। हालांकि इस बार अस्थायी स्टॉल त्योहार से कुछ दिन पहले ही लगे हैं, जबकि पूर्व में तैयारियां काफी पहले शुरू हो जाती थीं।
इस वर्ष खरीदारी के रुझान में बदलाव स्पष्ट दिख रहा है। रासायनिक रंगों की अपेक्षा हर्बल गुलाल की मांग बढ़ी है। लोग त्वचा और आंखों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्राकृतिक तत्वों से बने उत्पाद चुन रहे हैं। व्यापारियों के अनुसार पिछले साल की तुलना में हर्बल रंगों की बिक्री में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। बाजार में 400 से 500 रुपए तक की थीम आधारित पिचकारियां उपलब्ध है, पर महंगाई के कारण खरीदारी संतुलित है। बुजुर्ग बताते हैं कि पहले फाग गीत, चंग की थाप और स्वांग से माहौल जीवंत रहता था। समय के साथ व्यस्तता और सामाजिक बदलावों ने उत्सव की शैली बदली है। फिर भी पर्यावरण अनुकूल रंगों की बढ़ती मांग सकारात्मक संकेत दे रही है।