मावता में आकाशीय बिजली गिरने से वृद्धा की मौत; सरकारी अस्पताल में पोस्टमार्टम में देरी पर भड़के परिजन

May 30, 2026 - 14:57
 0
मावता में आकाशीय बिजली गिरने से वृद्धा की मौत; सरकारी अस्पताल में पोस्टमार्टम में देरी पर भड़के परिजन

उदयपुरवाटी। उपखंड क्षेत्र के मावता गांव की ढाणी नवोढ़ा में शुक्रवार (29 मई) को आई तेज बरसात के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। यहाँ मकान पर आकाशीय बिजली गिरने से मकान की पट्टियां टूट गईं, जिसकी चपेट में आने से कमरे में सो रही 68 वर्षीय वृद्धा मेवा देवी पत्नी प्रहलाद राम सैनी की दर्दनाक मौत हो गई। इस दुखद हादसे के बाद शनिवार सुबह उदयपुरवाटी राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में पोस्टमार्टम में हुई भारी देरी को लेकर परिजनों और स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा।

  • ढाई घंटे से ज्यादा समय तक परेशान होते रहे परिजन

कांग्रेस नेता के.के. सैनी ने बताया कि मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए सुबह ही अस्पताल ले आया गया था। पोस्टमार्टम करने वाले कर्मचारी को सुबह 8:30 बजे से लगातार फोन किए जा रहे थे, लेकिन वह सुबह 10:45 बजे अस्पताल पहुंचा। ढाई घंटे से अधिक समय तक शव के साथ इंतजार करने के कारण मृतका के परिजनों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखा गया।

  • अस्पताल प्रभारी और कर्मचारी ने दी यह सफाई

जब इस अव्यवस्था और देरी को लेकर राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा प्रभारी डॉ. अनिमेष गुप्ता से बात की गई, तो उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम करने वाले कर्मचारी को अस्पताल प्रशासन द्वारा कई बार फोन किया गया, लेकिन उसने फोन नहीं उठाया। इसके बाद उसे घर से बुलवाया गया, तब जाकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू हो सकी। वहीं, पोस्टमार्टम करने वाले चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी महेंद्र ने सफाई दी कि उसकी नाइट ड्यूटी थी, जिसके कारण वह सो रहा था और फोन नहीं सुन पाया। सुबह अस्पताल आने के बाद पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया गया है।

  • उच्च अधिकारियों से की जाएगी शिकायत

कांग्रेस नेता के.के. सैनी ने अस्पताल की इस लचर व्यवस्था पर कड़ा ऐतराज जताते हुए कहा कि अस्पताल में चल रही ऐसी अव्यवस्थाओं के खिलाफ वे जल्द ही उच्च अधिकारियों से मिलकर उन्हें अवगत करवाएंगे। इस दौरान अस्पताल परिसर में सीताराम, रामनिवास, राजू, ओमप्रकाश, कुल्डाराम, तेजाराम, भगवाना राम, मूलाराम, नागरमल, हजारीलाल, मुकेश सहित दर्जनों ग्रामीण और परिजन मौजूद रहे।

डॉ. अनिमेष गुप्ता, चिकित्सा प्रभारी, राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, उदयपुरवाटीका कहना है कि : "अस्पताल में पोस्टमार्टम करने के लिए सिर्फ एक ही चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी उपलब्ध है, जिसके कारण अक्सर ऐसी व्यावहारिक परेशानियां सामने आती हैं। नियमों के मुताबिक पोस्टमार्टम के लिए दो चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के पद स्वीकृत हैं, लेकिन वर्तमान में एक पद लंबे समय से खाली चल रहा है।"

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

एक्सप्रेस न्यूज़ डेस्क बुलंद आवाज के साथ निष्पक्ष व निर्भीक खबरे... आपको न्याय दिलाने के लिए आपकी आवाज बनेगी कलम की धार... आप भी अपने आस-पास घटित कोई भी सामाजिक घटना, राजनीतिक खबर हमे हमारी ई मेल आईडी GEXPRESSNEWS54@GMAIL.COM या वाट्सएप न 8094612000 पर भेज सकते है हम हर सम्भव प्रयास करेंगे आपकी खबर हमारे न्यूज पोर्टल पर साझा करें। हमारे चैनल GEXPRESSNEWS से जुड़े रहने के लिए धन्यवाद................