बुलेट के पटाखे पर बवाल:गोविन्दगढ़ पुलिस थाना बना अखाड़ा थाना इंचार्ज घायल, भारी पुलिस बाल तैनात
गोविन्दगढ़, अलवर
कानून व्यवस्था को ताक पर रखकर उपद्रव करने का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। बीती रात गोविंदगढ़ पुलिस थाने पर सिख समुदाय के कुछ लोगों ने एक राय होकर हमला बोल दिया। इस पथराव में थानाधिकारी धर्म सिंह गंभीर रूप से चोटिल हो गए। जिन्हें आनन-फानन में प्राथमिक उपचार के लिए सीएससी गोविंदगढ़ में भर्ती कराया गया है।
विवाद की जड़: दिल्ली नंबर की बुलेट और 'साइलेंसर' के पटाखे
मामले की शुरुआत रात करीब 10:00 बजे हुई, जब पुलिस ने सड़क पर बुलेट (एनफील्ड मोटरसाइकिल) से पटाखे फोड़कर दहशत फैला रहे युवकों पर कार्रवाई की। पुलिस ने नियमों का उल्लंघन करने वाली इस बाइक को जब्त कर लिया।
नियमों की धज्जियां: बाइक पर न तो हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट थी और न ही मानक साइलेंसर। इसमें तेज आवाज वाले अवैध हॉर्न और पटाखे फोड़ने वाला मोडिफाइड साइलेंसर लगा हुआ था।
थाने का घेराव और हिंसक झड़प
जब बाइक को छुड़वाने के लिए भीड़ थाने पहुंची, तो पुलिस ने नियमानुसार कार्रवाई की बात कही। बस इसी बात पर लोग भड़क गए। देखते ही देखते शांति का माहौल तनाव में बदल गया और भीड़ ने थाने पर पथराव शुरू कर दिया।
छावनी में तब्दील हुआ इलाका
इस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए एडिशनल एसपी प्रियंका और पुलिस उपाधीक्षक कैलाश जिंदल तुरंत मौके पर पहुंचे। पथराव के बाद कोतवाली अलवर, एनईबी, शिवाजी पार्क, उद्योग नगर एमआईए, वैशाली नगर, सदर अलवर, टहला, रामगढ़, नौगांवा, लक्ष्मणगढ़, कठूमर, मालाखेड़ा, बड़ौदामेव, राजगढ़ और रैणी सहित कई थानों से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया।
फिलहाल गोविंदगढ़ में भारी पुलिस बल तैनात है और स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है। आला अधिकारियों ने घटना का जायजा लिया है। पुलिस पर पथराव करने वाले आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश में दबिश दी जा रही है।


