पहाड़ी के रावलका-फतेहपुर मार्ग पर चलते ट्रक में लगी भीषण आग; धू-धू कर जला ट्रक, सूझबूझ से बची चालक की जान
डीग जिले पहाड़ी थाना क्षेत्र के रावलका और फतेहपुर गांव के बीच बुधवार को एक चलते ट्रक में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते पूरा ट्रक आग का गोला बन गया और मुख्य सड़क पर अफरा-तफरी मच गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि आसमान में करीब 2 किलोमीटर दूर तक काले धुएं का गुबार साफ दिखाई दे रहा था। गनीमत यह रही कि समय रहते चालक सुरक्षित बाहर निकल आया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
- इंजन से धुआं उठते ही कूदा ड्राइवर
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पहाड़ी-फतेहपुर रोड से गुजर रहे एक ट्रक के इंजन से अचानक तेज धुआं निकलने लगा। खतरे को भांपते हुए ड्राइवर ने तुरंत गाड़ी को सड़क किनारे रोका और नीचे कूद गया। ड्राइवर के बाहर निकलते ही आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे केबिन और ट्रक को अपनी चपेट में ले लिया। बीच सड़क पर ट्रक को धू-धू कर जलता देख दोनों तरफ का यातायात पूरी तरह थम गया और वहां ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई।
- दमकल ने आधे घंटे की मशक्कत के बाद पाया काबू
ग्रामीणों ने तुरंत घटना की सूचना पहाड़ी थाना पुलिस और दमकल विभाग को दी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने ग्रामीणों की मदद से करीब 30 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया। हालांकि, तब तक ट्रक पूरी तरह जलकर खाक हो चुका था।
पहाड़ी थाना पुलिस से मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, जला हुआ ट्रक नगला अहसानपुर निवासी किसी व्यक्ति का बताया जा रहा है। प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण शॉर्ट-सर्किट माना जा रहा है। पुलिस फिलहाल वाहन के नंबर, उसके वास्तविक मालिक और आग लगने के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए मामले की जांच कर रही है।


