बारां पुलिस की अवैध खनन पर अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई; पार्वती नदी क्षेत्र से 54 वाहन, मशीनें और 2 नावें जब्त
बारां जिला पुलिस ने शनिवार को अवैध खनन और परिवहन माफियाओं के खिलाफ एक बड़ी और ऐतिहासिक कार्रवाई को अंजाम दिया है। पार्वती नदी क्षेत्र में अलग-अलग थानों और जिला स्पेशल टीम (DST) द्वारा संयुक्त रूप से की गई इस छापामार कार्रवाई में 8 पोकलेन, 5 जेसीबी और 2 नावों सहित कुल 54 वाहन व मशीनें जब्त की गई हैं। इसके अलावा सीसवाली क्षेत्र में अवैध बजरी स्टॉक मिलने पर जुर्माना भी लगाया गया है।
यह कार्रवाई थाना मांगरोल, किशनगंज, सीसवाली और जिला स्पेशल टीम ने संयुक्त रूप से की। जब्त किए गए वाहनों में 8 पोकलेन (एलएनटी), 5 जेसीबी, 2 डंपर, रेत से भरे 23 ट्रैक्टर-ट्रॉली, 6 खाली ट्रैक्टर-ट्रॉली, 7 खाली ट्रॉलियां, एक मोटरसाइकिल और 2 नावें शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, सीसवाली क्षेत्र में अवैध बजरी स्टॉक पर खनन विभाग ने 29,600 रुपए का जुर्माना भी लगाया। पुलिस अधीक्षक अभिषेक अंदासु ने बताया कि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. कमल कुमार के सुपरविजन में अवैध खनन के खिलाफ चार विशेष टीमों का गठन किया गया था। इन टीमों में आरपीएस प्रोबेशनर भजनलाल, कोतवाली थानाधिकारी हीरालाल, किशनगंज थानाधिकारी रमेशचंद्र मेरोठा, यातायात प्रभारी चंद्रप्रकाश और जिला स्पेशल टीम के सदस्य शामिल थे। संयुक्त टीम ने थाना मांगरोल क्षेत्र के मुण्डिया, बालून्दा और सुरताक गांवों के पास पार्वती नदी में छापेमारी की।
मुण्डिया के पास अवैध खनन करते हुए 4 पोकलेन, 3 जेसीबी, रेत से भरे 22 ट्रैक्टर-ट्रॉली, एक डंपर तथा 3 खाली ट्रैक्टर और 7 खाली ट्रॉलियां जब्त की गईं। बालून्दा क्षेत्र से एक पोकलेन मशीन जब्त की गई, जबकि सुरताक क्षेत्र से एक पोकलेन, 2 जेसीबी, 3 खाली ट्रैक्टर, 2 नाव और एक बाइक जब्त की गई। सभी वाहनों को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत जब्त किया गया है। इसी क्रम में, थाना किशनगंज क्षेत्र के बिसलाई गांव के पास कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 2 पोकलेन मशीन, एक डंपर और रेत से भरा एक ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त किया। यहां भी अवैध बजरी खनन और परिवहन की गतिविधियां सामने आईं। थाना सीसवाली क्षेत्र के पापड़ली गांव में अवैध बजरी के स्टॉक के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। जांच में अनियमितताएं पाए जाने पर खनन विभाग ने 29,600 रुपए का जुर्माना लगाया। मौके की रिपोर्ट तैयार कर खनन एवं परिवहन विभाग को भेज दी गई है। पुलिस ने अवैध खनन से जुड़ी सभी गतिविधियों की रिपोर्ट संबंधित विभागों को भेज दी है। मामले में अग्रिम कार्रवाई जारी है और पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध खनन तथा परिवहन के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा।


