नकली गोल्ड गिरवी रख करोड़ों का गोल्ड लोन लेने वाले गिरोह का भंडाफोड़, तीन आरोपी गिरफ्तार
सिरोही (रमेश सुथार) सिरोही जिला पुलिस सिरोही ने गोल्ड लोन के नाम पर बैंकों से धोखाधड़ी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों सहित एक वैल्यूअर (मूल्यांकनकर्ता) को गिरफ्तार किया है। आरोपियों पर दो अलग-अलग बैंकों में नकली सोना जमा करवाकर करोड़ों रुपए का गोल्ड लोन लेने का आरोप है। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सिरोही के निर्देशन में विशेष अभियान के तहत की गई।
पुलिस के अनुसार आईडीबीआई बैंक एवं पंजाब नेशनल बैंक में नियुक्त वैल्यूअर की मिलीभगत से आरोपियों ने नकली आभूषणों को शुद्ध सोना बताकर बैंक में गिरवी रखवाया और गोल्ड लोन प्राप्त किया। बाद में लोन की किस्तें जमा नहीं करवाई गई, जिससे बैंक को भारी नुकसान हुआ।
पहले मामले में आईडीबीआई बैंक में नियुक्त वैल्यूअर शेख अकबर अली ने नूर मोहम्मद पुरखेत, सोमनाथ सी. एवं रविंद्र सिंह के साथ मिलकर नकली आभूषणों को असली बताकर करीब 75 लाख 34 हजार रुपए का गोल्ड लोन दिलवाया। मामले में थाना कोतवाली सिरोही में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।
वहीं दूसरे मामले में पंजाब नेशनल बैंक में नियुक्त वैल्यूअर मोतीलाल सोनी पर आरोप है कि उसने भी अन्य आरोपियों के साथ मिलकर नकली आभूषणों को शुद्ध सोना बताकर करीब 68 लाख 69 हजार रुपए का गोल्ड लोन स्वीकृत करवाया। इस संबंध में भी धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया।
पुलिस जांच के दौरान बैंक खातों की डिटेल, गोल्ड लोन दस्तावेज और वैल्यूअर की नियुक्ति संबंधी रिकॉर्ड जुटाए गए। जांच में सामने आया कि आरोपियों ने सुनियोजित तरीके से बैंक अधिकारियों को गुमराह कर करोड़ों रुपए का गोल्ड लोन उठाया।
फिलहाल पुलिस ने तीन आरोपियों सहित एक वैल्यूअर को गिरफ्तार कर लिया है तथा मामले में अन्य संदिग्धों की भूमिका की भी जांच जारी है।


