प्री-मानसून की पहली बारिश में खुली नगर परिषद की पोल, कॉलोनियों में जलभराव से जनता परेशान
खैरथल (हीरालाल भूरानी) शहर में प्री-मानसून की पहली बारिश ने ही नगर परिषद की सफाई व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी। जगह-जगह नालों का गंदा पानी ओवरफ्लो होकर सड़कों पर फैल गया, इससे आमजन को आवाजाही व बदबू के कारण भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
कई कॉलोनियों और मुख्य मागों पर जलभराव व कीचड़ की स्थिति बनी रही। नगर परिषद के सामने व कलेक्ट्रेट कार्यालय के मुख्य मंडी गेट के सामने भी नाला ओवरफ्लो होने से गंदा पानी जमा हो गया। अंबेडकर सर्किल के पास सड़क पर गंदा पानी फैलने से लोगों को आवागमन में परेशानी उठानी पड़ी। इसी प्रकार मातोर रोड स्थित यूको बैंक के पास, सैनी मोहल्ले, श्याम नगर और आनंद नगर कॉलोनी में भी कई स्थानों पर नालों का पानी सड़कों पर फैल गया।
बारिश के बाद शहर में फैली गंदगी और जलभराव को लेकर लोगों ने नगर परिषद की कार्यशैली पर सवाल उठाए। स्थानीय लोगों का कहना है कि मानसून से पहले नालों की समय पर सफाई नहीं होने के कारण यह स्थिति बनी है।
इधर नगर परिषद प्रशासन ने दावा किया है कि 18 मई से नालों की सफाई अभियान चलाया जा रहा है। अब तक करीब 4 किलोमीटर नालों की सफाई कर 4000 टन कचरा उठाया जा चुका है। नालों की सफाई के लिए 20 लाख रुपए का टेंडर त्रिमूर्ति इंटरप्राइजेज अलवर को दिया गया है और एजेंसी लगातार कार्य कर रही है। 10 जून तक शहर के सभी नालों की सफाई पूरी कर ली जाएगी।


