मंत्री दिलावर का 'अलर्ट मोड': सुबह 5 बजे गांवों में पहुंचे, गंदगी देख जताई नाराजगी,स्कूलों में नामांकन बढ़ाने के दिए सख्त निर्देश

May 9, 2026 - 17:04
May 9, 2026 - 17:35
 0
मंत्री दिलावर का 'अलर्ट मोड': सुबह 5 बजे गांवों में पहुंचे, गंदगी देख जताई नाराजगी,स्कूलों में नामांकन बढ़ाने के दिए सख्त निर्देश

बूंदी / राजस्थान 

प्रदेश के शिक्षा एवं पंचायतीराज मंत्री मदन दिलावर शनिवार को पूरी तरह 'एक्शन मोड' में नजर आए। मंत्री दिलावर सुबह 5 बजे, जब ग्रामीण सोकर उठ ही रहे थे, अधिकारियों के लाव-लश्कर के साथ बूंदी जिले के ग्रामीण अंचलों का निरीक्षण करने पहुंच गए। इस दौरान उन्होंने केशवरायपाटन और तालेड़ा पंचायत समिति के एक दर्जन से अधिक गांवों का दौरा किया।

सफाई व्यवस्था पर बरसे मंत्री: "लापरवाही बर्दाश्त नहीं"

निरीक्षण के दौरान कई गांवों में सफाईकर्मी नदारद मिले और सड़कों पर कचरे के ढेर लगे पाए गए। इन्द्रपुरिया गांव के तालाब में फैली गंदगी को देखकर मंत्री ने गहरी नाराजगी जताई और अधिकारियों को तत्काल सफाई के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि:

  • सफाईकर्मियों की उपस्थिति नियमित सुनिश्चित की जाए।

  • कचरे का उठाव समय पर हो और सफाईकर्मियों का भुगतान न रोका जाए।

  • ग्राम पंचायतों की उदासीनता किसी भी सूरत में स्वीकार्य नहीं है।

स्कूलों में आबादी के अनुपात में बढ़ाएं नामांकन

शिक्षा मंत्री के रूप में दिलावर ने स्कूलों की शैक्षिक व्यवस्थाओं का भी औचक निरीक्षण किया। उन्होंने शिक्षा विभाग के अधिकारियों और शिक्षकों को निर्देशित किया कि ग्राम पंचायतों की जितनी आबादी है, उसके अनुपात में स्कूलों में छात्र-छात्राओं का नामांकन बढ़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को जागरूक कर अधिक से अधिक बच्चों को सरकारी स्कूलों से जोड़ा जाए ताकि शिक्षा के स्तर में सुधार हो सके।

जनसुनवाई रजिस्टर में हस्ताक्षर नहीं होने पर टोका

निरीक्षण के दौरान मंत्री दिलावर हस्तीनापुर और भीया गांव के पंचायत कार्यालय पहुंचे। वहां जनसुनवाई पंजिका (रजिस्टर) की जांच करने पर पाया गया कि शिकायतों के साथ फरियादियों के हस्ताक्षर नहीं थे। इस पर उन्होंने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि:

"जनसुनवाई की सार्थकता तभी है जब आमजन की भागीदारी दर्ज हो। समस्याओं का समाधान केवल कागजों तक सीमित न रहकर धरातल पर दिखना चाहिए। रजिस्टर में फरियादियों के हस्ताक्षर अनिवार्य रूप से करवाए जाएं।"

इन गांवों का किया सघन दौरा

मंत्री ने तालेड़ा पंचायत समिति के देलूंदा, सींता, मेहराणा, सुवांसा, जमीतपुरा, तीरथ तथा केशवरायपाटन पंचायत समिति के चड़ी, रडी, गुडली, ईश्वरनगर, इन्द्रपुरिया और केशवरायपाटन शहर का दौरा कर व्यवस्थाओं को बारीकी से परखा।

निरीक्षण के दौरान मौजूद रहे:

इस दौरान भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष कालू लाल जांगिड़, योगेन्द्र श्रृंगी, कमल नामा, नरेन्द्र मीणा, विनोद मीणा सहित पंचायतीराज विभाग के अतिरिक्त मुख्य अभियंता मुकेश माहेश्वरी, अधीक्षण अभियंता संजय शर्मा व अन्य प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

एक्सप्रेस न्यूज़ डेस्क बुलंद आवाज के साथ निष्पक्ष व निर्भीक खबरे... आपको न्याय दिलाने के लिए आपकी आवाज बनेगी कलम की धार... आप भी अपने आस-पास घटित कोई भी सामाजिक घटना, राजनीतिक खबर हमे हमारी ई मेल आईडी GEXPRESSNEWS54@GMAIL.COM या वाट्सएप न 8094612000 पर भेज सकते है हम हर सम्भव प्रयास करेंगे आपकी खबर हमारे न्यूज पोर्टल पर साझा करें। हमारे चैनल GEXPRESSNEWS से जुड़े रहने के लिए धन्यवाद................