एक फेस की बिजली से जूझ रहा भोपा बाजार, दिन-रात की कटौती से लोग बेहाल
चौरीचौरा (शशि जायसवाल) नगर पंचायत के मुडेरा बाजार स्थित भोपा बाजार शहीद नगर वार्ड नंबर 7 में इन दिनों बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। क्षेत्र के लोगों को रोजाना बिजली की आंख-मिचौली का सामना करना पड़ रहा है। दिन हो या रात, अनगिनत बार बिजली कटने से आम जनजीवन प्रभावित हो गया है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि सबसे गंभीर समस्या एक फेस बिजली की है। इलाके में अक्सर केवल एक फेस की सप्लाई आने से कुछ घरों में ही बिजली पहुंच पाती है, जबकि अधिकांश घर अंधेरे में डूबे रहते हैं। उमस भरी गर्मी में बिजली की लगातार कटौती ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी है।
क्षेत्रवासियों के अनुसार कई बार घंटों तक एक ही फेस चलता रहता है, जिससे पंखे, कूलर और अन्य विद्युत उपकरण सही ढंग से काम नहीं कर पाते। बच्चों की पढ़ाई, बुजुर्गों की दिनचर्या और लोगों की रात की नींद तक प्रभावित हो रही है।
स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि शिकायतों के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा है। लोगों ने प्रशासन और विद्युत विभाग से जल्द से जल्द व्यवस्था सुधारने तथा नियमित और सुचारु बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है।


