पुलिस कस्टडी में सुरक्षित नहीं वाहन: थाने में जब्त ट्रैक्टर से पार्ट्स चोरी, मालिक ने लेने से किया इनकार; बोला- जैसा जब्त किया था उसी हाल में ट्रैक्टर चाहिए
टोंक (राजस्थान) टोंक के सदर थाने में पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था और कार्यप्रणाली पर गंभीर सवालिया निशान खड़े हो गए हैं। अवैध बजरी परिवहन के मामले में थाने में जब्त एक ट्रैक्टर से कीमती पार्ट्स चोरी होने का मामला सामने आया है। पीड़ित ट्रैक्टर मालिक ने दोषी पुलिसकर्मियों के विरुद्ध कार्रवाई और वाहन को पुरानी स्थिति में वापस दिलाने की मांग को लेकर पुलिस अधीक्षक (SP) से गुहार लगाई है।
- जुर्माना भरने के बाद खुला राज:
करीरिया निवासी पीड़ित रामप्रसाद मीणा ने बताया कि करीब पांच महीने पहले उनका ट्रैक्टर-ट्रॉली अवैध बजरी परिवहन में जब्त कर सदर थाने में खड़ा करवाया गया था। लंबी कानूनी प्रक्रिया के बाद, कोर्ट के आदेश पर पीड़ित ने खनिज विभाग में 3 लाख 20 हजार रुपए का भारी-भरकम जुर्माना जमा करवाया। जब वह कोर्ट का रिलीज ऑर्डर लेकर ट्रैक्टर छुड़ाने थाने पहुँचा, तो ट्रैक्टर की हालत देख उसके होश उड़ गए।
- गायब मिले महत्वपूर्ण पार्ट्स:
ट्रैक्टर मालिक का आरोप है कि थाने के अंदर सीसीटीवी कैमरों की जद में खड़े वाहन से अज्ञात लोगों ने बैटरी, सेल्फ डायनेमो, लिफ्टिंग सिस्टम के पार्ट्स पूरी तरह निकाल लिए हैं। पीड़ित ने जब इस संबंध में थाना पुलिस से बात की, तो उसे कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला।
- 'जैसा जब्त किया, वैसा ही चाहिए वाहन':
पीड़ित रामप्रसाद मीणा ने कहा कि पुलिस अभिरक्षा में वाहन के सामान का चोरी होना पुलिस की मिलीभगत या बड़ी लापरवाही को दर्शाता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे अपना ट्रैक्टर तभी लेंगे जब पुलिस उसे उसी स्थिति में लौटाएगी जैसा वह जब्ती के समय था।
न्याय की उम्मीद में पीड़ित ने एसपी कार्यालय पहुँचकर शिकायत दर्ज करवाई है। अब देखना यह है कि कानून की रक्षा करने वाली पुलिस अपने ही परिसर में हुई इस चोरी के मामले में क्या कार्रवाई करती है और पीड़ित को उसका सामान वापस मिलता है या नहीं।


