भुसावर में भाजपा कार्यकर्ताओं ने सांसद हनुमान बेनीवाल का पुतला फूंका; मुख्यमंत्री के खिलाफ अभद्र टिप्पणी पर जताया कड़ा रोष
भुसावर जिले के कस्बा भुसावर के श्री रमेश स्वामी पार्क के सामने शनिवार को भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने एक विशाल विरोध प्रदर्शन आयोजित किया। शहर मंडल अध्यक्ष धीरज पाण्डेय के नेतृत्व में एकत्रित हुए दर्जनों भाजपा कार्यकर्ताओं ने नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल का पुतला दहन किया और उनके खिलाफ जमकर नारेबाजी की। यह विरोध प्रदर्शन सांसद बेनीवाल द्वारा राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा एवं उनके मंत्रिमंडल के खिलाफ की गई कथित अभद्र और अमर्यादित टिप्पणी के विरोध में किया गया।
ऐसी अमर्यादित भाषा व व्यवहार बर्दाश्त नहीं' — धीरज पाण्डेय
पुतला दहन के पश्चात कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए भाजपा शहर मंडल अध्यक्ष धीरज पाण्डेय ने कहा कि एक जिम्मेदार संवैधानिक पद पर बैठे सांसद हनुमान बेनीवाल द्वारा प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और राज्य मंत्रिमंडल के प्रति जो टिप्पणी की गई है, वह बेहद निंदनीय और शर्मनाक है। लोकतंत्र में वैचारिक मतभेद हो सकते हैं, लेकिन भाषा की मर्यादा को लांघना स्वीकार्य नहीं है। भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता इस प्रकार की ओछी भाषा और व्यवहार का पुरजोर विरोध करता है।
विकास के पथ पर अग्रसर है राजस्थान सरकार
मंडल अध्यक्ष ने आगे कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान सरकार बिना किसी भेदभाव के प्रदेश के चहुंमुखी विकास और जन-कल्याण के लिए लगातार ऐतिहासिक कार्य कर रही है। सरकार की लोकप्रियता से घबराकर विपक्ष के नेता इस तरह की अमर्यादित बयानबाजी पर उतर आए हैं।
इस पुतला दहन और विरोध प्रदर्शन कार्यक्रम में भाजपा के स्थानीय वरिष्ठ पदाधिकारी, अग्रिम संगठनों के पदाधिकारी, बड़ी संख्या में सक्रिय कार्यकर्ता और प्रबुद्ध समर्थक मौजूद रहे, जिन्होंने एक स्वर में ऐसी राजनीति की कड़े शब्दों में भर्त्सरना की।


