विधायक राजेंद्र मीणा ने पीड़ित परिवार के घर पहुंचकर स्वर्गीय दिनेश मीणा को दी श्रद्धांजलि; एक महीने का वेतन (₹1,00,000) सौंपकर दिलाया न्याय का भरोसा

May 30, 2026 - 18:35
 0
विधायक राजेंद्र मीणा ने पीड़ित परिवार के घर पहुंचकर स्वर्गीय दिनेश मीणा को दी श्रद्धांजलि; एक महीने का वेतन (₹1,00,000) सौंपकर दिलाया न्याय का भरोसा

बांदीकुई (अवधेश अवस्थी) दौसा जिले के बांदीकुई में विगत दिनों चोरी के आरोप में कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा पेड़ से बांधकर की गई निर्मम मारपीट के कारण असामयिक मौत के शिकार हुए स्वर्गीय दिनेश मीणा की शोकसभा में शनिवार को महुवा विधायक राजेंद्र मीणा सम्मिलित हुए। विधायक श्री मीणा ने पीड़ित परिवार के घर पहुंचकर दिवंगत दिनेश मीणा के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा इस वज्रपात से टूटे शोकाकुल परिजनों को ढांढस बंधाया।

इस दुखद अवसर पर जब विधायक राजेंद्र मीणा ने मृतक दिनेश के मासूम बेटे को अपनी गोद में लिया, तो वहां उपस्थित सभी ग्रामीणों और परिजनों की आंखें छलक आईं और पूरा माहौल गमगीन हो गया। विधायक ने बच्चे को दुलारते हुए हर परिस्थिति में परिवार की उंगली थामने का वादा किया।

  • एक महीने का वेतन पीड़ित परिवार को किया सुपुर्द:

 मृतक दिनेश मीणा के परिवार की अत्यंत दयनीय आर्थिक स्थिति को देखते हुए विधायक राजेंद्र मीणा ने संवेदनशीलता की मिसाल पेश की। उन्होंने मौके पर ही अपने एक महीने का वेतन ₹1,00,000 (एक लाख रुपये) आर्थिक सहायता स्वरूप शोकाकुल परिजनों को सुपुर्द किया। उन्होंने आश्वस्त किया कि वे केवल एक जनप्रतिनिधि के रूप में नहीं, बल्कि परिवार के सदस्य के रूप में हर स्तर पर उनके साथ खड़े हैं।

  • पुलिस अधीक्षक (SP) से दोषियों को सख्त सजा दिलाने की मांग:

 विधायक राजेंद्र मीणा ने इस घटना की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए इसे एक जघन्य और अमानवीय अपराध बताया। उन्होंने कहा, "घटना की जानकारी मिलते ही मैंने तुरंत जिला पुलिस अधीक्षक (SP) को फोन कर प्रारंभ से ही पुलिस प्रशासन को दोषियों के विरुद्ध कठोर एवं निष्पक्ष कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे।"

विधायक ने पुलिस प्रशासन से पुनः पुरजोर आग्रह किया है कि इस वीभत्स घटना में शामिल सभी आरोपियों को बिना किसी देरी के शीघ्र गिरफ्तार किया जाए और उन्हें ऐसी कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाए जिससे समाज में कानून का इकबाल बुलंद रहे, आमजन में सुरक्षा की भावना बनी रहे और दिवंगत दिनेश मीणा को सच्चा न्याय मिल सके। विधायक ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने तथा परिजनों को यह असहनीय दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

एक्सप्रेस न्यूज़ डेस्क बुलंद आवाज के साथ निष्पक्ष व निर्भीक खबरे... आपको न्याय दिलाने के लिए आपकी आवाज बनेगी कलम की धार... आप भी अपने आस-पास घटित कोई भी सामाजिक घटना, राजनीतिक खबर हमे हमारी ई मेल आईडी [email protected] या वाट्सएप न 8094612000 पर भेज सकते है हम हर सम्भव प्रयास करेंगे आपकी खबर हमारे न्यूज पोर्टल पर साझा करें। हमारे चैनल GEXPRESSNEWS से जुड़े रहने के लिए धन्यवाद................