सलूंबर के ग्रामीण इलाकों में पहुंचा ग्राम रथ अभियान:सरकारी योजनाओं की जानकारी दी, GRAM-2026 में भागीदारी का आह्वान
सलूंबर
प्रदेशभर में राज्य सरकार की ओर से ग्रामीण क्षेत्रों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में 'ग्राम रथ अभियान' चलाया जा रहा है। यह अभियान प्रत्येक व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचा रहा है, ताकि पात्र व्यक्तियों को पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से लाभ मिल सके। सलूंबर के ग्रामीण इलाकों में पहुंचा रथ सोमवार को ग्राम रथ जिले की सलूंबर विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में पहुंचा। जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और ग्रामीणों ने पुष्पमालाओं और पुष्पवर्षा कर रथ का स्वागत किया। ग्राम रथ नेवा तलाई, भालडीया, सिंघटवाड़ा, केवड़ा, ओडा और बगरूचा जैसे गांवों में पहुंचा। योजनाओं में आवेदन के बारे में बताया अभियान के दौरान, ग्राम रथ ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज और लाभ प्राप्त करने की विस्तृत जानकारी दे रहा है। इसका लक्ष्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र व्यक्ति जानकारी के अभाव में योजनाओं से वंचित न रहे। पशुपालकों को तकनीक से जोड़ने की कोशिश इसके अतिरिक्त, किसानों और पशुपालकों को आधुनिक कृषि और पशुपालन तकनीकों से जोड़ने के लिए प्रस्तावित 'ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट (ग्राम)-2026' में अधिकतम भागीदारी हेतु प्रोत्साहित किया जा रहा है। ग्राम रथ सरकार और आमजन के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का भी एक प्रभावी माध्यम बन रहे हैं। रथों में स्थापित सुझाव पेटिका के माध्यम से ग्रामीण अपनी समस्याएं, सुझाव और अपेक्षाएं सीधे सरकार तक पहुंचा सकते हैं।


