तखतगढ़ और आसपास के क्षेत्रों में हर्षोल्लास के साथ मनाई गई ईद-उल-अजहा
तखतगढ़ (पाली/बरकत खान)। स्थानीय नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में मुस्लिम समुदाय का पवित्र और त्याग का पर्व ईद-उल-अजहा (बकरीद) अत्यंत हर्षोल्लास, शांति और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाया गया। इस पावन अवसर पर तखतगढ़, कोसेलाव, जाणा और नारवणा की प्रमुख मस्जिदों व ईदगाहों में विशेष नमाज का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के अकीदतमंदों ने भाग लिया।
मुख्य नमाज स्थानीय जामा मस्जिद में अदा की गई, जहाँ मौलाना मोहम्मद उवैस रजा ने नमाज मुकम्मल करवाई। नमाज के उपरांत मौलाना द्वारा विशेष खुतबा पढ़ा गया, जिसमें समाज में आपसी भाईचारे, मानवता और त्याग की भावना को सुदृढ़ करने का संदेश दिया गया। इसके पश्चात विशेष दुआ में देश और क्षेत्र में स्थायी शांति, अमन, चैन तथा खुशहाली की कामना की गई।
नमाज संपन्न होने के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की दिली मुबारकबाद पेश की। मुस्लिम समुदाय के लोगों द्वारा सुन्नत-ए-इब्राहीमी का निर्वहन करते हुए प्रतीकात्मक कुर्बानी की रस्म भी पूरी की गई। ईद के इस मुकद्दर मौके पर बाजारों में भी काफी चहल-पहल और उत्साह का माहौल रहा।
पर्व के दौरान कानून, सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्थानीय पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क और मुस्तैद रहा। तखतगढ़ थानाधिकारी शैतान सिंह सारण के कुशल निर्देशन में सभी प्रमुख स्थलों पर पुलिस बल तैनात किया गया था। सुरक्षा व्यवस्था को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए कांस्टेबल निकु सिंह, सांवलाराम सहित अन्य जवानों ने मुस्तैदी से अपनी ड्यूटी निभाई। इस अवसर पर शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने में मुस्लिम समुदाय के प्रबुद्ध नागरिकों और स्थानीय जनसामान्य का भी सराहनीय सहयोग प्राप्त हुआ।


