भरतपुर में जनगणना ड्यूटी से लौटे शिक्षक की हार्ट अटैक से दुखद मृत्यु; शिक्षा विभाग में शोक
भरतपुर (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) भरतपुर जिले के हलैना थाना इलाके में जनगणना ड्यूटी से कमरे पर लौटे एक सरकारी शिक्षक की अचानक हार्ट अटैक आने से मौत हो गई। मूल रूप से झुंझुनूं निवासी भवानी सिंह (39) बेवर गांव के राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय में तृतीय श्रेणी शिक्षक के पद पर कार्यरत थे और हलैना में किराए के मकान में रहते थे।
प्राप्त जानकारी अनुसार जनगणना के काम से लौटने के बाद उन्हें अचानक सीने में दर्द, घबराहट और बेचैनी महसूस हुई तो उन्होंने तुरंत इसकी जानकारी पड़ोसियों को दी, जो उन्हें लेकर हलैना के सरकारी अस्पताल पहुंचे लेकिन उन्होंने रास्ते में ही दम तोड़ दिया लेकिन अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
प्राप्त जानकारी अनुसार पुलिस ने परिजनों की मौजूदगी में शव का पोस्टमॉर्टम कराकर उन्हें सौंप दिया। पीएचसी सूत्रों के अनुसार प्रथम दृष्टया मौत का कारण हार्ट अटैक माना जा रहा है, क्योंकि अस्पताल लाते समय मरीज के लक्षण इसी ओर इशारा कर रहे थे वहीं परिजनों का कहना है कि भवानी सिंह को पहले से दिल की कोई बीमारी नहीं थी।


