जनगणना निदेशालय एवं जिले की टीम ने किया जनगणना कार्य का निरीक्षण एचएलओ ऐप के माध्यम से समयबद्ध एवं त्रुटिरहित कार्य करें पूर्ण

May 30, 2026 - 14:51
 0
जनगणना निदेशालय एवं जिले की टीम ने किया जनगणना कार्य का निरीक्षण एचएलओ ऐप के माध्यम से समयबद्ध एवं त्रुटिरहित कार्य करें पूर्ण

भरतपुर,(कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) भारत सरकार द्वारा आयोजित जनगणना 2027 के प्रथम चरण मकान सूचीकरण एवं मकान गणना कार्य के अंतर्गत जिले की तहसील रूपवास एवं नगर पालिका रूपवास क्षेत्र में संचालित जनगणना कार्यों का राज्य एवं जिला स्तरीय अधिकारियों द्वारा सघन निरीक्षण किया गया। निरीक्षण दल में आर्थिक एवं सांख्यिकी निदेशालय जयपुर से संयुक्त निदेशक सुदेश कुमार शर्मा, उपजिला जनगणना अधिकारी एवं संयुक्त निदेशक सांख्यिकी भरतपुर रामेश्वर महावर तथा मास्टर ट्रेनर जनगणना ओमप्रकाश खुटेला शामिल रहे।
संयुक्त निदेशक सुदेश कुमार शर्मा द्वारा निरीक्षण के दौरान फील्ड स्तर पर किए जा रहे कार्यों की गुणवत्ता, प्रगति एवं तकनीकी व्यवस्थाओं का विस्तृत अवलोकन किया गया। उन्होंने एचएलओ ऐप पर आ रही तकनीकी समस्याओं का मौके पर ही समाधान करवाया तथा सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनगणना राष्ट्रीय महत्व का कार्य है, जिसमें प्रत्येक जानकारी पूर्ण सत्यता एवं सटीकता के साथ संकलित की जानी चाहिए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने ईओ नगर पालिका क्षेत्र के एचएलबी-009 का भौतिक सत्यापन में प्रगणक विष्णु द्वारा कुल 171 भवनों में से 120 भवनों का सर्वेक्षण एचएलओ ऐप पर पूर्ण किया जा चुका था। मौके पर किए गए निरीक्षण में दर्ज आंकड़े सही एवं संतोषजनक पाए गए। इसके पश्चात अधिकारियों ने तहसील रूपवास के नगला जरैला एवं दौरदा ग्राम में चल रहे जनगणना कार्यों का भी फील्ड निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान पाया गया प्रगणक ऋषिकेश भण्डारी एचएलबी-74 द्वारा आवंटित 188 भवनों में से 80 भवनों का कार्य पूर्ण किया गया। प्रगणक विक्रम सिंह एचएलबी-71 द्वारा 124 भवनों में से 45 भवनों का सर्वेक्षण ऐप पर दर्ज किया गया। प्रगणक दीपक एचएलबी-72 द्वारा 102 भवनों में से 27 भवनों का कार्य पूर्ण किया गया। प्रगणक उत्तम सिंह एचएलबी-73 द्वारा 146 भवनों में से 59 भवनों का डेटा एचएलओ ऐप पर अपलोड किया गया। 
उन्होंने बताया कि निरीक्षण के दौरान संबंधित सभी एचएलबी क्षेत्रों में नजरी नक्शा निर्माण एवं मकानों की भवन नम्बरिंग का कार्य संतोषजनक पाया गया। अधिकारियों ने ब्लॉक स्तरीय चार्ज अधिकारियों, सुपरवाइजर्स एवं प्रगणकों को निर्देश दिए कि वे घर-घर जाकर परिवार के मुखिया से सभी प्रश्न पूछकर ही जानकारी दर्ज करें तथा निर्धारित समयावधि में कार्य पूर्ण करना सुनिश्चित करें। बैठक में जनगणना सेल के कर्मचारी नीरज ने जानकारी देते हुए बताया कि कुल 198 एचएलबी में से लगभग 50 प्रतिशत कार्य एचएलओ ऐप पर पूर्ण किया जा चुका है।

अधिकारियों ने कहा कि जनगणना देश की विकास योजनाओं का आधार होती है, इसलिए इसमें किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी। जनगणना कार्य को पारदर्शिता, सटीकता एवं जिम्मेदारी के साथ पूर्ण करना सभी संबंधित कार्मिकों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। अधिकारियों ने निरीक्षण के दौरान तहसीलदार रूपवास अमित कुमार शर्मा, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका रूपवास योगेश पिप्पल एवं जनगणना सेल में कार्यरत कर्मचारियों के साथ समीक्षा बैठक भी आयोजित की।

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

एक्सप्रेस न्यूज़ डेस्क बुलंद आवाज के साथ निष्पक्ष व निर्भीक खबरे... आपको न्याय दिलाने के लिए आपकी आवाज बनेगी कलम की धार... आप भी अपने आस-पास घटित कोई भी सामाजिक घटना, राजनीतिक खबर हमे हमारी ई मेल आईडी GEXPRESSNEWS54@GMAIL.COM या वाट्सएप न 8094612000 पर भेज सकते है हम हर सम्भव प्रयास करेंगे आपकी खबर हमारे न्यूज पोर्टल पर साझा करें। हमारे चैनल GEXPRESSNEWS से जुड़े रहने के लिए धन्यवाद................