मकतब सुन्नी रज्जाकिया में बच्चों ने मॉडल के जरिए जीवंत किया हज का पवित्र सफर
मकराना (मोहम्मद शहजाद)। तहरीक पैगाम-ए-इस्लाम के तत्वावधान में संचालित मकतब सुन्नी रज्जाकिया मस्जिद में उर्से हुजूर मुफ्ती अश्फाक हुसैन के मुबारक मौके पर एक विशेष आयोजन किया गया। इसमें मकतब के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने हज की पवित्र यात्रा को मॉडल के माध्यम से बेहद खूबसूरत और जीवंत अंदाज में प्रस्तुत कर सभी का दिल जीत लिया।
इस रचनात्मक गतिविधि में बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। उन्होंने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए खानाए काबा, सफा-मरवा की पहाड़ियां, मकामे इब्राहिम, मिना और मैदान-ए-अराफात के बेहद आकर्षक और सजीव मॉडल तैयार किए। सिर्फ मॉडल ही नहीं, बच्चों ने उपस्थित अतिथियों के सामने इन मुकद्दस मुकामात का शानदार परिचय (इंट्रोडक्शन) भी पेश किया। बच्चों के इस बेहतरीन प्रयास को देखने पहुंचे मुख्य अतिथि मौलाना असलम रब्बानी और मौलाना फुरकान ने सभी मॉडल्स का बारीकी से मुआयना किया।
उन्होंने बच्चों के ज्ञान और रचनात्मकता की जमकर सराहना करते हुए उनकी हौसला अफजाई की। कार्यक्रम के अंत में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभावान बच्चों का माल्यार्पण कर और उन्हें विशेष इनाम देकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर मौलाना शाहरुख रज़वी ने बताया कि 'तहरीक पैगाम-ए-इस्लाम' के जरिए क्षेत्र की अन्य मस्जिदों में भी मकतबों का सफल संचालन किया जा रहा है।
इन मकतबों का उद्देश्य बच्चों को केवल कुरआन पाक की तालीम और दीनियात की शिक्षा देना ही नहीं, बल्कि उनके अख्लाक (आचरण) और अदब-एहतराम (संस्कारों) को संवारना भी है, ताकि वे बड़े होकर समाज के जिम्मेदार और बेहतर नागरिक बन सकें। इस गरिमामयी कार्यक्रम के दौरान मौलाना अकरम, मदनी हाफिज मोहसिन, हाफिज फिरोज सहित मकतब के तमाम उस्ताद (शिक्षक) और क्षेत्र के कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी ने बच्चों के इस अनूठे प्रयास की भूरि-भूरि प्रशंसा की।


