भाजपा संगठन में महुवा क्षेत्र का बढ़ा मान: प्रिया मीणा और जितेंद्र कुमार मीणा बने भाजपा एसटी मोर्चा के प्रदेश प्रवक्ता; कार्यकर्ताओं ने मिठाई बांटकर जताई खुशी
दौसा (अवधेश अवस्थी)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश नेतृत्व ने संगठनात्मक विस्तार करते हुए दौसा जिले को बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ के दिशा-निर्देशन में दौसा की प्रबुद्ध सामाजिक कार्यकर्ता व दया फाउंडेशन की निदेशक श्रीमती प्रिया मीणा तथा महुवा विधानसभा क्षेत्र के विरासना (मंडावर) निवासी जितेंद्र कुमार मीणा को भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जनजाति (एसटी) मोर्चा का प्रदेश प्रवक्ता नियुक्त किया गया है। महुवा क्षेत्र के दो ऊर्जावान कार्यकर्ताओं को प्रदेश स्तरीय नवीन दायित्व मिलने पर समूचे जिले के भाजपा कार्यकर्ताओं और आमजन में खुशी की लहर दौड़ गई है।
शीर्ष नेतृत्व का जताया आभार, संकल्प को मिलेगी गति:
नवनियुक्त प्रदेश प्रवक्ता श्रीमती प्रिया मीणा को कार्यकर्ताओं ने मिठाई खिलाकर और फूलों की माला पहनाकर बधाई दी। अपनी नियुक्ति पर केंद्रीय व प्रादेशिक नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए प्रिया मीणा ने कहा, "भाजपा ने मुझ जैसे एक सामान्य कार्यकर्ता पर जो अटूट विश्वास जताया है, मैं संगठन की उम्मीदों पर पूरी तरह खरा उतरने का प्रयास करूंगी।" उल्लेखनीय है कि श्रीमती प्रिया मीणा लंबे समय से केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर उतारकर अंतिम छोर के व्यक्ति की मदद कर रही हैं। दया फाउंडेशन के माध्यम से वे गरीब व असहाय छात्र-छात्राओं को पूर्णतः निशुल्क हॉस्टल (रहना-खाना), निशुल्क कोचिंग और निशुल्क लाइब्रेरी जैसी अनुकरणीय सुविधाएं प्रदान कर शिक्षा की अलख जगा रही हैं।
विरासना में जितेंद्र कुमार मीणा का भव्य साफा पहनाकर स्वागत:
इसी क्रम में, विरासना (तहसील मंडावर) निवासी जितेंद्र कुमार मीणा को भाजपा एसटी मोर्चा में प्रदेश प्रवक्ता बनाए जाने पर स्थानीय ग्रामीणों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों के साथ जश्न मनाया। कार्यकर्ताओं ने जितेंद्र कुमार मीणा को माला और पारंपरिक साफा पहनाकर उनका भव्य नागरिक अभिनंदन किया तथा मिठाई बांटकर प्रसन्नता व्यक्त की। वक्ताओं ने कहा कि इस युवा नेतृत्व से क्षेत्र में भाजपा संगठन को और अधिक मजबूती मिलेगी। इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रबुद्ध नागरिक और पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


